धीरेंद्रपुरम में पति-पत्नी को बंधक बना घर में की लूटपाट
धनबाद में एक महिला के साथ आए तीन-चार युवकों ने ललन और उनकी पत्नी के साथ लूटपाट की। लुटेरों ने 10 हजार रुपये नकद और कुछ गहने चुराए और पति-पत्नी को घर में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

धनबाद, मुख्य संवाददाता धैया के धीरेंद्रपुरम गली नंबर दो में शिव मंदिर के सामने सरेशाम लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। एक महिला के साथ आए तीन-चार युवकों ने कोयला कारोबारी ललन और उनकी पत्नी के साथ मारपीट भी की। घटना को अंजाम देकर सभी घर पर बाहर से ताला लगा कर आराम से निकल गए। लुटेरे घर पर चल रहे मार्बल के काम के लिए रखा 10 हजार रुपए नकद और कुछ गहने ले गए। घटना से भयभीत पति-पत्नी ने मामले की जानकारी शुरुआत में पुलिस को नहीं दी थी। जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो रात करीब सवा 11 बजे धनबाद थाना की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
पड़ोसियों ने बताया कि दंपती के साथ लुटेरों ने काफी क्रूरता दिखाई। दोनों घर पर चाय पी रहे थे। उनके हाथ से चाय का कप छीन कर लुटेरों ने फेंक दिया। हथियार के बट से ललन के सिर और चेहरे पर हमला किया। उनकी पत्नी के सभी गहने खोलवा लिए। जबरन लॉकर की चाभी लेकर उसमें रखे गहने भी लुटेरे ले गए। जाते-जाते दोनों पति-पत्नी को अंदर बंद करके घर के बाहर से ताला लगा दिया। दंपती ने शोर मचाया तो बगल के अपार्टमेंट के प्रबंधक चौबे जी पहुंचे और उनके घर का ताला तोड़ा। जानकारी पाकर पड़ोसियों की वहां भीड़ जुट गई। इस घटना से ललन के साथ-साथ पड़ोस में रहने वाले लोग हतप्रभ हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




