
प्रिंस खान के गुर्गों ने बताया- किशन खान है बड़ा खिलाड़ी
संक्षेप: धनबाद में तस्लीम खान उर्फ किशन खान प्रिंस खान गिरोह का एक प्रमुख खिलाड़ी है। हाल ही में जमीन खरीद-बिक्री में उसकी प्रमुख भूमिका सामने आई है। पुलिस ने किशन खान के करीबी साथियों से पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि वह धमकी देकर जमीन का कारोबार कराता है। किशन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता बरवाअड्डा निवासी तस्लीम खान उर्फ किशन खान कुख्यात प्रिंस खान गिरोह का बड़ा खिलाड़ी है। बरवाअड्डा और गोविंदपुर-साहिबगंज रोड में हाल के दिनों में होने वाली जमीन की खरीद-बिक्री में किशन की प्रमुख भूमिका है। बैंक मोड़ पुलिस की ओर से दो दिनों की रिमांड पर लिए गए नया बाजार कबाड़ीपट्टी निवासी व फहीम खान के चचेरे भाई परवेज खान, कमरमखदुमी रोड निवासी सैफ आलम उर्फ राशिद, मटकुरिया मंदिर ग्राउंड के नवीनगर निवासी तौसिफ आलम उर्फ मूसा ने यह खुलासा किया। चार नवंबर को प्रिंस कनेक्शन में उसके 12 करीबियों के घरों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी की थी।

पांच नवंबर को पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को जेल भेजा था। इसमें शमशेर नगर के इम्तियाज अली को छोड़ कर तीनों को बैंक मोड़ पुलिस ने दो दिनों की रिमांड पर लिया था। शनिवार को तीनों से पूछताछ के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। जेल जाने से पहले आरोपियों ने बताया कि किशन खान प्रिंस खान और गोपी खान का जमीन का कारोबार संभालने में मुख्य भूमिका निभा रहा है। वह बरवाअड्डा और गोविंदपुर क्षेत्र के जमीन कारोबारियों का नंबर प्रिंस व गोपी को देता है। प्रिंस नंबरों पर फोन करके धमकी देता है। चार नवंबर को पुलिस ने किशन खान के घर भी दबिश दी थी, हालांकि वह चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस की स्पेशल टीम किशन खान को सरगर्मी से खोज रही है। इससे पहले रांची पुलिस ने कोलकाता से पकड़ कर प्रिंस खान की मौसी सास रोजी परवीन को और उसके दामाद को जेल भेजा था। रोजी ने भी किशन खान के संबंध में पुलिस को बताया था कि वह रंगदारी से वसूली गई रकम उसे देता है, जिसे रोजी और उसका दामाद मिल कर हवाला के जरिए प्रिंस खान तक पहुंचाते हैं। रिमांड पर लिए गए आरोपियों ने पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी है। पुलिस जानकारियों का सत्यापन कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




