बिल्डर से प्रिंस के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार गिरफ्तार
धनबाद पुलिस ने वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के नाम पर बिल्डर गुलाम अंसारी से एक करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने असर्फी अस्पताल के संचालक से भी रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से 24 घंटे में आरोपियों को पकड़ा।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के नाम पर बिल्डर से एक करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के मामले में धनबाद पुलिस ने गुरुवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बरवाअड्डा के सुसनीलेवा के नागनगर निवासी बिल्डर गुलाम अंसारी ने छह मई की शाम पूरे मामले में बरवाअड्डा थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने पुलिस ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी सेल की सहायता से 24 घंटे के भीतर धमकी देने में शामिल चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बरवाअड्डा के खंडेरी निवासी देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, केंदुआडीह के गोंदूडीह खास के कुसुंडा दास बस्ती निवासी बालक कुमार दास, कुसुंडा रेलवे स्टेशन स्थित हाजरा बस्ती निवासी नासिर अंसारी और खंडेरी निवासी सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सिम कार्ड बरामद कर लिए गए हैं। मौके पर थाना प्रभारी रवि कुमार आदि उपस्थित थे।असर्फी अस्पताल के संचालक को भी दी थी धमकी: सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने नावाडीह स्थित असर्फी अस्पताल के संचालक से भी रंगदारी मांगने की बात कबूली है। उन्होंने बताया कि वे लोग प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम पर रंगदारी की मांग करते थे। गुलाम अंसारी आशियाना सिविल कंस्ट्रक्शन के मालिक हैं। उनका कई जगहों पर बिल्डिंग बनाने का प्रोजेक्ट चल रहा है। आरोपी उनके पिता और भाई तथा अन्य परिजनों की हत्या की धमकी देकर एक करोड़ रुपए रंगदारी की मांग कर रहे थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


