
शहर की नई सरकार चुनेंगे 8.97 लाख मतदाता
धनबाद नगर निगम चुनाव की घोषणा हो चुकी है। 23 फरवरी को 8,97,936 मतदाता मेयर और 55 वार्ड पार्षदों के लिए वोट डालेंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेज में होगी।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता नगर निगम चुनाव का बिगुल बज गया है। 23 फरवरी को धनबाद नगर निगम के आठ लाख 97 हजार 936 वोटर शहर की नई सरकार चुनेंगे। एक मेयर और 55 वार्ड पार्षदों को चुनने के लिए वोटर अपने मत का प्रयोग कर करेंगे। धनबाद नगर निगम में 4,71,279 पुरुष, 4,26,624 महिला एवं 33 थर्ड जेंडर मतदाताओं सहित कुल 8,97,936 मतदाता हैं। चिरकुंडा नगर परिषद में 18,639 पुरुष तथा 18,367 महिला सहित 37,006 कुल मतदाता हैं, जो अपने मत का प्रयोग करेंगे। नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद डीडीसी सन्नी राज ने पत्रकार वार्ता में बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।
चुनाव को लेकर 13 कोषांगों का गठन कर नोडल पदाधिकारी एवं सहयोगी कर्मियों का चयन कर लिया है। अभ्यर्थियों के नामांकन के लिए कमरों का भी चयन कर लिया गया है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भय मुक्त वातावरण में संपन्न करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने मतदाताओं को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही आश्वस्त किया कि स्ट्रांग रूम से लेकर मतदान केंद्र तक कड़ी सुरक्षा रहेगी। मौके पर एसडीओ लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी थे। ---------- सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेज में होगी वोटों की गिनती मतदान के बाद सरकारी पॉलीटेक्निक में वोटों की गिनती की जाएगी। चुनाव के बाद सभी मतपेटियों को यहां बनाए जानेवाले वज्रगृह में रखा जाएगा। डीडीसी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव की घोषणा होने के साथ ही तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसका उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया कि इस बार के चुनाव में नोटा का कोई विकल्प नहीं रहेगा। -------- मेयर पद के लिए अपर समाहर्ता बनाए गए आरओ डीडीसी ने बताया कि मेयर के लिए अपर समाहर्ता विनोद कुमार निर्वाची पदाधिकारी रहेंगे। वार्ड 1 से 5 तक बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू, वार्ड संख्या 6 से 10 तक बाघमारा बीडीओ लक्ष्मण यादव, वार्ड 16 से 20 के लिए धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार, वार्ड संख्या 21 से 25 के लिए तोपचांची बीडीओ एजाज हुसैन अंसारी, वार्ड 26 से 30 के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, वार्ड संख्या 31 से 35 के लिए गोविंदपुर बीडीओ जहीर आलम, वार्ड 36 से 40 के लिए झरिया सीओ मनोज कुमार, वार्ड 11 से 15 के लिए पुटकी सीओ विकास आनंद, वार्ड 41 से 45 के लिए बलियापुर सीओ मुरारी नायक, वार्ड 46 से 50 के लिए गोविंदपुर सीओ धर्मेंद्र दुबे तथा वार्ड संख्या 51 से 55 के लिए बलियापुर बीडीओ प्रभाष चंद्र दास निर्वाची पदाधिकारी रहेंगे। ------------- मेयर, अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के लिए समाहरणालय में नामांकन डीडीसी ने बताया कि धनबाद नगर निगम के मेयर प्रत्याशी के लिए समाहरणालय में कमरा नंबर 4, वार्ड 1 से 5 तक प्रत्याशी के लिए कमरा नंबर 116, वार्ड संख्या 6 से 10 के लिए कमरा नंबर 116 (ए), वार्ड 16 से 20 के लिए कमरा नंबर 115, वार्ड संख्या 21 से 25 के लिए कमरा नंबर 115 (ए), वार्ड 26 से 30 के लिए कमरा नंबर 28, वार्ड संख्या 31 से 35 के लिए कमरा नंबर 25, वार्ड 36 से 40 के लिए कमरा नंबर 25 (ए), वार्ड 11 से 15 के लिए कमरा नंबर 19, वार्ड 41 से 45 के लिए कमरा नंबर 19 (ए), वार्ड 46 से 50 के लिए कमरा नंबर 23 तथा वार्ड संख्या 51 से 55 के लिए समाहरणालय के कमरा नंबर 12 में नामांकन होगा। ---------- चिरकुंडा नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी होंगे एडीएम सप्लाई चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी निर्वाची पदाधिकारी रहेंगे। वार्ड संख्या 1 से 5 के पार्षद प्रत्याशी के लिए निरसा बीडीओ इंदर कुमार ओहदार, वार्ड संख्या 6 से 10 के लिए एगारकुंड सीओ कृष्ण मुरारी मरांडी, वार्ड 11 से 15 के लिए एगारकुंड बीडीओ मधु कुमारी, वार्ड संख्या 16 से 21 के लिए निरसा सीओ विक्रम आनंद निर्वाची पदाधिकारी रहेंगे। --------- चिरकुंडा नगर परिषद के लिए यहां होगा नामांकन चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए समाहरणालय के फर्स्ट फ्लोर में कमरा नंबर 07, वार्ड संख्या 1 से 5 के लिए ग्राउंड फ्लोर का कमरा नंबर 01, वार्ड संख्या 6 से 10 के ग्राउंड फ्लोर के कमरा नंबर 02, वार्ड 11 से 15 के लिए फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 08 तथा वार्ड संख्या 16 से 21 के लिए ग्राउंड फ्लोर पर कमरा नंबर 04 नामांकन के लिए चिह्नित किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




