मतगणना केंद्र के बाहर पूरे दिन चढ़ा रहा सियासी पारा
धनबाद नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान पॉलीटेक्निक रोड पर राजनीतिक उत्साह देखने को मिला। समर्थकों की भीड़ ने मेयर पद के प्रमुख दावेदारों के पंडालों में जश्न मनाया। पहले और दूसरे राउंड में संजीव सिंह की बढ़त से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई, जबकि अन्य प्रत्याशियों के पंडाल में मायूसी छा गई।

नगर निगम चुनाव की मतगणना को लेकर शुक्रवार को शहर का सियासी पारा चढ़ा रहा। पूरे दिन पॉलीटेक्निक रोड धनबाद वासियों के लोकतांत्रिक उत्साह और सियासी रोमांच का गवाह बना। पॉलीटेक्निक स्थित मतगणना केंद्र और उसके आसपास का इलाका सुबह से ही समर्थकों और प्रत्याशियों की भीड़ से गुलजार रहा। मेयर पद के प्रमुख दावेदारों में संजीव सिंह, चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव कुमार, शमशेर आलम, इंदू देवी, प्रकाश कुमार आदि के पंडालों में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। प्रत्याशी स्वयं भी अपने समर्थकों के साथ पूरे दिन डटे रहे और परिणाम पर नजर बनाए रखी। सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर चर्चा का बाजार गर्म था।
अंदर से आने वाली हर छोटी-बड़ी सूचना बाहर मौजूद समर्थकों तक पहुंचते ही माहौल बदल जाता। कभी किसी प्रत्याशी के आगे होने की खबर पर पंडाल में तालियों और नारों की गूंज उठती तो अगले ही पल दूसरे की अटकलों से माहौल शांत हो जाता। समर्थकों की नजरें लगातार मतगणना केंद्र के मुख्य द्वार पर टिकी रहीं, जहां लोग समय-समय पर बाहर आकर जानकारी साझा कर रहे थे। जैसे-जैसे समय बीत रहा था, प्रत्याशियों और समर्थकों की बेचैनी बढ़ती जा रही थी। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद लोग अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में डटे रहे। कई समर्थक सिर पर गमछा रखे और हाथ में पानी की बोतल लिए घंटों खड़े रहे। पंडालों में बीच-बीच में चाय-पानी और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी ताकि समर्थकों का उत्साह बना रहे। शाम लगभग चार बजे मेयर पद के पहले राउंड का परिणाम घोषित हुआ। पहले और दूसरे राउंड में संजीव सिंह के बढ़त बनाने की खबर मिलते ही उनके पंडाल में खुशी की लहर दौड़ गई। दूसरे राउंड के परिणाम भी यही रहा। इससे उत्साहित संजीव समर्थक नारेबाजी करते हुए पंडाल से बाहर सड़क पर आ गए और जश्न मनाने लगे। वहीं अन्य प्रत्याशियों के पंडाल में कुछ देर के लिए मायूसी छा गई। हालांकि समर्थक एक-दूसरे को दिलासा देते नजर आए कि अभी तो यह दूसरा ही राउंड है, आगे स्थिति बदल सकती है। मेयर पद के साथ-साथ वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों में भी इसी तरह की उत्सुकता और उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हर वार्ड के परिणाम को लेकर अलग-अलग समूहों में चर्चा चलती रही। कई जगहों पर समर्थक मोबाइल पर लाइव अपडेट देखते और एक-दूसरे को जानकारी साझा करते रहे। भीड़ का असर यातायात पर भी साफ दिखा। बेकारबांध से पॉलीटेक्निक तक जाने वाली सड़क पूरे दिन लोगों से खचाखच भरी रही। समर्थकों की आवाजाही और वाहनों की लंबी कतारों के कारण बार-बार जाम की स्थिति बन रही थी। पुलिस बल को यातायात नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई राहगीरों को जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। विरोधि के पंडाल के सामने नारेबाजी मतगणना और दो राउंड के परिणाम की घोषणा के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच खिंचतान भी दिखी। आगे रहने वाले कुछ प्रत्याशियों के समर्थक अपने पीछे वालों के पंडाल के सामने नारोबाजी करते भी दिखे। इससे माहौल थोड़ा विवादास्पद और तनावपूर्ण भी हो रहा था। हालांकि पुलिस की चौकसी के कारण मामला बढ़ नहीं सका।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



