Dhanbad News: स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का बहिष्कार कर निकले पार्षद
Dhanbad News: धनबाद नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हंगामेदार रही, जहां पार्षदों ने निगम के अधिकारियों पर निशाना साधा। पारित योजनाओं पर काम न होने के कारण बैठक का बहिष्कार किया गया। नगर निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी समितियों का गठन भी किया गया।

Dhanbad News: धनबाद, प्रमुख संवाददाता। धनबाद नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हंगामेदार रही। निगम के अधिकारी और कर्मचारी निशाने पर रहे। पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि बीते दो बोर्ड में पारित योजनाओं पर काम अबतक नहीं हुआ। किसी भी अंचल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त नहीं बैठते हैं।
बैठक का बहिष्कार
पार्षदों ने अपने मुद्दों को पारित किया, लेकिन के प्रस्तावों को बिना सुने पार्षदों ने स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का बहिष्कार कर दिया। नगर निगम के प्रस्ताव को स्टैंडिंग कमेटी में शामिल नहीं किया गया। पार्षदों ने अपने लाए एजेंडे को पास कर अधिकारियों को सौंपते हुए कहा कि इसपर काम करें और अगली बैठक में एक्शन टेकन रिपोर्ट लेकर आएं। मेयर संजीव सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में सभी पार्षदों के निशाने पर निगम के अधिकारी और कर्मचारी रहे। पार्षदों ने कहा कि पिछली स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में जो मुद्दे पास हुए, उनपर काम नहीं हुआ। सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार से जब पूछा गया कि पिछली बैठक के मुद्दों पर कितना काम हुआ तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसपर मेयर ने कहा कि जबतक पिछली बोर्ड की बैठक में पारित प्रस्तावों पर काम नहीं होगा, तबतक निगम के किसी प्रस्ताव पर स्टैंडिंग कमेटी निर्णय नहीं लेगी। मौके पर पार्षद जय कुमार, निसार आलम, प्रियरंजन, मनोरंजन, सोनाली कुमारी, राममूर्ति सिंह, गणेश चंद्र महतो समेत अन्य मौजूद थे।
निगरानी समिति का गठन
नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी ने अलग-अलग विभागों के लिए निगरानी समिति गठित की। हर समिति में अलग-अलग पार्षदों को शामिल किया गया। परिवहन समिति में प्रियरंजन और सोनाली कुमारी, राजस्व के लिए मनोरंजन, जन्म-मृत्यु विभाग के लिए अशोक पाल और गणेश चंद्र महतो, जलापूर्ति विभाग में जय कुमार और निसार आलम, सफाई विभाग में राममूर्ति सिंह, मेधा देवी और आलिम अंसारी, विद्युत विभाग प्रियरंज और रामेश्वर तुरी, पीएम आवास में राममूर्ति सिंह और रामेश्वर तुरी को शामिल किया गया।
स्टैंडिंग कमेटी में इन मुद्दों को किया पारित
- अंचल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त और सिटी मैनेजर की पोस्टिंग
- जन्म-मृत्यु विभाग की स्थिति खराब है। सभी कर्मियों को दूसरे विभाग में शिफ्ट किया जाएगा
- कार्यालय में वर्षों से एक ही जगह पर जमे कर्मियों को दूसरे अंचल में ट्रांसफर करने का प्रस्ताव
- होल्डिंग का काम निजी एजेंसी करती है। ऐसे में सरकार से मिले राजस्व कर्मियों की सेवा विभाग को वापस की जाएगी
- स्थाई समिति के सदस्यों को निगम कार्यालय में बैठने के लिए एक-एक कमरा आवंटित करने का प्रस्ताव
- पूर्व में बोर्ड बैठक से पारित प्रस्तावों पर काम नहीं करने के खिलाफ सरकार से शिकायत करने का प्रस्ताव पारित
प्रश्न और उत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


