निगम के वार्डों में ओबीसी सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी
धनबाद नगर निगम ने वार्ड 1 से 55 तक पिछड़े वर्गों के आरक्षण की पात्रता निर्धारण के लिए डोर-टू-डोर सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। जिला प्रशासन ने वेबसाइट पर सर्वेक्षण के आंकड़े जारी किए हैं। आपत्तियां 31...

धनबाद, मुख्य संवाददाता नगर निकाय चुनाव में पिछड़े वर्गों को आरक्षण दिये जाने की पात्रता निर्धारण के लिए धनबाद नगर निगम के वार्ड नंबर एक से लेकर वार्ड-55 में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण पूरा हो गया है। जिला प्रशासन व नगर निगम ने वेबसाइट पर रिपोर्ट जारी कर दी है।
आंकड़ों का प्रारूप जिले की वेबसाइट www.dhanbad.nic.in एवं धनबाद नगर निगम की वेबसाइट www.dhanbadmunicipalcorporation.com पर प्रकाशित किया गया है। प्रशासक सह नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने जारी आदेश में कहा है कि सर्वेक्षण में प्रस्तुत आंकड़ों के संबंध में कोई आपत्ति हो तो 31 जनवरी तक अपनी आपत्ति साक्ष्य सहित जमा कर सकते हैं।
बताते चलें कि पिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग, झारखंड के निर्देश के आलोक में नगरपालिका आम निर्वाचन 2024 के निमित्त पिछड़े वर्गों को आरक्षण दिए जाने की पात्रता निर्धारण के लिए धनबाद नगर निगम के वार्ड-01 से वार्ड-55 में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण कार्य किया गया है। बीडीओ एवं सीओ के पर्यवेक्षण में तैयार एवं अनुश्रवण समिति की ओर से अनुमोदित प्रपत्र-01 से प्राप्त सूचना के आधार पर आंकड़ों व प्रारूप जारी किया गया है। आंकड़ों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन धनबाद नगर निगम कार्यालय में 31 जनवरी तक कार्यालय दिवस के कार्यालय अवधि में अवलोकन किया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।