Dhanbad News: रंजय सिंह हत्याकांड में हर्ष सिंह और नंद कुमार बरी
Dhanbad News: धनबाद में मेयर संजीव सिंह के करीबी राजीव रंजन सिंह हत्याकांड में कोर्ट ने आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी किया। 2017 में हुए इस हत्याकांड पर 9 वर्षों की सुनवाई के बाद फैसला आया। 24 गवाहों की गवाही के आधार पर कोर्ट ने अपना निर्णय सुनाया।

Dhanbad News: धनबाद मेयर संजीव सिंह के बेहद करीबी रहे राजीव रंजन सिंह उर्फ रंजय सिंह हत्याकांड में शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश 16 दुर्गेशचंद्र अवस्थी की अदालत ने अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने कांड में कथित शूटर व जेल में बंद आरा बेरथ निवासी नंद कुमार उर्फ रूना सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा और ट्रायल का सामना कर रहे धैया के हर्ष सिंह को संदेह का लाभ देते हुए बरी करने का फैसला सुनाया। वर्ष 2018 से जेल में बंद नंद कुमार सिंह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से रांची जेल से पेश किया गया था, जबकि हर्ष सिंह कोर्ट के आदेश पर सशरीर न्यायालय में उपस्थित हुए थे। 29 जनवरी 2017 की शाम सरायढेला के चाणक्य नगर में रंजय सिंह को गोलियों से भून दिया गया था। साढ़े नौ साल की लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने इस चर्चित हत्याकांड पर फैसला सुनाया। पुलिस ने नंद कुमार सिंह उर्फ मामा को शूटर बताते हुए न्यायालय में चार्जशीट फाइल की थी। नंद कुमार के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने रघुकुल से जुड़े हर्ष सिंह को रंजय सिंह की हत्या का साजिशकर्ता मानते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दिया था。
अलग से ट्रायल जारी
इसी मामले में पटना के चंदन शर्मा के खिलाफ अलग से ट्रायल चल रहा है, जबकि रंजय सिंह की रेकी करने के आरोपी तेतुलमारी के हरेंद्र सिंह का अभी तक सत्यापन नहीं हो सका है। एक साल पहले 27 अगस्त 2025 को इसी अदालत ने धनबाद के चर्चित नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या में अपना अहम फैसला सुनाते हुए मेयर संजीव सिंह सहित सभी आरोपियों को निर्दोष ठहराया था।
सुनवाई के बाद फैसला
24 गवाहों की गवाही सुनने के बाद कोर्ट ने सुनाया फैसला। रंजय सिंह हत्याकांड में 24 गवाहों का परीक्षण कराया गया। इसमें प्रत्यक्षदर्शी व कांड के सूचक राजा यादव सहित अन्य की गवाही शामिल थी। राजा यादव ने कोर्ट में नंद कुमार को बतास शूटर के रूप में पहचानने का दावा किया था। अभियोजन के साथ-साथ बचाव पक्ष की दलीलें और गवाहों को सुनने के बाद कोर्ट ने शनिवार को अपना फैसला सुनाया।
कोर्ट परिसर में सुरक्षा
कोर्ट परिसर में पुलिस का था कड़ा पहरा। रंजय सिंह हत्याकांड के फैसले के मद्देनजर धनबाद पुलिस ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया था। फैसला सुनने के लिए रघुकुल के करीबियों के साथ-साथ सिंह मेंशन समर्थक भी कोर्ट पहुंचे थे। दोनों पक्षों में टकराव की आशंका को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के सख्त व्यवस्था थी। कोर्ट रोड में रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम ऑफिस चौक तक पुलिस बल की तैनाती की गई थी। समर्थकों की भीड़ और उनकी गाड़ियों के कारण शहर में जाम की भी स्थिति रही।


