Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsDhanbad Hospital to Start Portable X-Ray Services Soon
सदर अस्पताल में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन का मिलेगा लाभ

सदर अस्पताल में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन का मिलेगा लाभ

संक्षेप:

धनबाद के सदर अस्पताल में छह महीने से बेकार पड़ी तीन पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों को जल्द उपयोग में लाया जाएगा। जिला प्रशासन डीएमएफटी फंड से प्रिंटिंग यूनिट खरीदेगा, जिससे मशीनें चालू हो सकेंगी। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

Dec 03, 2025 02:20 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। सदर अस्पताल में छह माह से बेकार पड़ी तीन पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों का जल्द मरीजों को लाभ मिलेगा। राज्य सरकार से मिली मशीनों के लिए जिला प्रशासन प्रिंटिंग यूनिट और कैसेट खरीदेगा। सदर अस्पताल में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीसी आदित्य रंजन की पहल पर डीएमएफटी फंड से प्रिंटिंग यूनिट खरीदी जाएगी, ताकि सदर अस्पताल में एक्स-रे सेवा शुरू हो सके। बता दें कि छह माह पहले जिले को छह पोर्टेबल एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई गई थीं। इसकी कीमत करीब 14 लाख रुपए है। सदर अस्पताल को तीन मशीनें और तोपचांची, बाघमारा और निरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक-एक मशीन मिली थीं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इन मशीनों के साथ विभाग ने प्रिंटिंग यूनिट नहीं भेजा था। नतीजतन सभी मशीनें बेकार पड़ी हैं। मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। बेकार पड़ी मशीनों को इस्तेमाल में लाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। प्रशासन डीएमएफटी फंड से प्रिंटिंग यूनिट खरीदने की तैयारी कर रहा है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद प्रिंटिंग यूनिट नहीं मिलने से मरीजों को लाभ नहीं मिल रहा था। अब डीएमएफटी से प्रिंटिंग यूनिट खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मशीनें पूरी तरह कार्यशील स्थिति में हैं और प्रिंटिंग यूनिट उपलब्ध होते ही उसे चालू कर दिया जाएगा। सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जांच सुविधाओं को मजबूत करना अनिवार्य है। जरूरत पड़ने पर वार्ड तक पहुंचकर पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से जांच की सुविधा मिल सकेगी। फिलहाल सदर अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा नहीं है। एमटीसी बिल्डिंग के यक्ष्मा विभाग के एक्स-रे से काम चल रहा है। यह सदर अस्पताल से थोड़ी दूर सिविल सर्जन कार्यालय के पास है। गंभीर मरीजों को वहां तक जाने में परेशानी होती है। अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा शुरू होने से मरीजों को राहत मिलेगी।