
सदर अस्पताल की एक्स-रे मशीन 10 दिनों से बंद
धनबाद के सदर अस्पताल में एक्स-रे मशीन पिछले 10 दिनों से बंद है। तीन फेज बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण मरीजों को निजी सेंटर पर एक्स-रे कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बिजली विभाग को कई बार पत्र लिखा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता। सदर अस्पताल में एक्स-रे मशीन बीते 10 दिनों से बंद पड़ी है। कारण तीन फेज बिजली की मशीन को आपूर्ति नहीं हो रही है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार बिजली विभाग को पत्र लिख रहा है। बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अधिकारियों की मानें तो बीते दस दिनों से सिर्फ दो फेज बिजली मिल रही है, जबकि तीन फेज कनेक्शन पर एक्स-रे मशीन चलती है। बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अबतक समस्या का समाधान नहीं किया गया। यहां हर दिन 30 से 35 मरीज एक्स-रे के लिए पहुंचते हैं।
मशीन बंद रहने से मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है। मजबूरन उन्हें निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में एक्स-रे कराना पड़ रहा है। निजी केंद्रों में मरीजों को 100 से 200 रुपए तक खर्च करना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार इस समस्या को लेकर बिजली विभाग को कई बार पत्र भेजा गया, लेकिन अबतक विभाग की ओर से कोई सुधार नहीं किया गया। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लाइन में तकनीकी खराबी के कारण तीन फेज की सप्लाई बाधित है। उसे जल्द ठीक किया जाएगा। गरीब मरीजों को ज्यादा परेशानी: सरकारी अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बंद रहने से गरीब और दूर-दराज के मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। जांच नहीं होने के कारण कई मरीजों को इलाज में देरी झेलनी पड़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि एक्स-रे सेवा जल्द बहाल करने के लिए विभाग स्तर पर पहल हो रही है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




