Dhanbad News: झमाझम बारिश से कई इलाकों में भरा पानी
Dhanbad News: धनबाद में शुक्रवार रात से बारिश शुरू हुई, जिससे कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। बारिश से शहर की व्यवस्था पर असर पड़ा, और यातायात प्रभावित हुआ। तापमान में गिरावट आई और किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई। हालांकि, धनबाद में वर्षा की कमी अभी भी बनी हुई है।

Dhanbad News: धनबाद पर मानसून मेहरबान हो गया है। शुक्रवार की रात से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और लगातार बारिश होती रही। बारिश का असर शहर की व्यवस्था पर भी देखने को मिला। शहर के हीरापुर, बैंक मोड़, सरायढेला, बरटांड़, पुलिस लाइन समेत कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। आठ लेन समेत कई मुख्य सड़कों और गली-मोहल्लों में पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। जगह-जगह पानी जमा रहने से यातायात भी प्रभावित रहा। जिले में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिनों की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार धनबाद समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। वहीं 20 और 21 जुलाई को मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है。
घंटों बिजली आपूर्ति रही बाधित
बारिश के दौरान शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। कई इलाकों में बिजली बार-बार ट्रिप करती रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश कम होने के बाद अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
किसानों के लिए राहत की उम्मीद
यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। पिछले कुछ दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपनी और बिचड़े को लेकर किसान चिंतित थे। शनिवार की बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों की बुआई को गति मिलने की उम्मीद है। किसानों के चेहरे पर एक बार फिर उम्मीद की मुस्कान लौट आई है।
अब भी दर्ज की गई बारिश की कमी
धनबाद जिले में अब भी सामान्य से कम वर्षा हुई है। एक जून से 18 जुलाई तक धनबाद में 251.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 386.7 मिमी होनी चाहिए थी। यानी जिले में अभी भी करीब 35 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है।
अधिकतर पूछे जाने वाले सवाल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


