होली पर रहेगी कड़ी सुरक्षा, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Mar 02, 2026 01:31 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद जिले में होली के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने हुड़दंगियों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने का निर्णय लिया है। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी, और सभी धर्मों का सम्मान करने की अपील की गई है।

होली पर रहेगी कड़ी सुरक्षा, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई

होली पर अगले तीन दिनों तक धनबाद जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। चुनाव और काउंटिंग के बाद रविवार को पुलिस महकमे ने थोड़ी राहत की सांस ली। सोमवार से फिर से होली में शांति बहाली के लिए पुलिस जोर लगाएगी। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि होली के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हुड़दंगियों से सख्ती से निपटा जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों का लाइसेंस रद्द कराया जाएगा। अफवाह फैलाने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जबरन रंग लगाने की इजाजत किसी को नहीं होगी। जिले के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एसएसपी ने कहा कि होली भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, लेकिन पर्व की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व हुड़दंग, नशाखोरी और जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं से माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। ऐसे तत्वों की पहचान कर उन पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, उत्पीड़न या कानून व्यवस्था भंग करने की स्थिति में तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो सके। कंट्रोल से हर स्थिति की नियमित निगरानी होगी। रमजान के महीने को देखते हुए सभी धर्म और समुदाय की भावना का सम्मान करने की अपील की गई है। अश्लील गानों और डीजे पर रोक रहेगी। निर्धारित समय के बाद लाउडस्पीकर बजाने पर कार्रवाई होगी। डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। अफवाह फैलाने, अश्लील, भड़काऊ या सांप्रदायिक पोस्ट डालने वालों पर मीडिया सेल की नजर रहेगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। ट्रिपल राइडिंग, स्टंटबाजी और तेज रफ्तार पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियम उल्लंघन करने वालों का चालान किया जाएगा। होलिका दहन और होली के दिन प्रमुख स्थानों पर महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। छेड़खानी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होगी। एसएसपी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को मर्यादित और सुरक्षित तरीके से होली खेलने की सलाह दें। खतरनाक रसायनों और गुब्बारों के उपयोग से बचें। एसएसपी ने कहा कि होली खुशियों का पर्व है, इसे हंसी-खुशी और जिम्मेदारी के साथ मनाएं ताकि जिले में शांति और भाईचारा कायम रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।