Dhanbad News: सांसद-विधायक के उठाए मुद्दों पर काम नहीं करते सरकारी विभाग
Dhanbad News: जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 7 अक्तूबर को डीसी ऑफिस में होगी। लगभग डेढ़ वर्षों बाद हो रही बैठक में सरकारी विभागों की तैयारी है। बैठक में पिछले मुद्दों पर कार्यवाही न होने को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी की संभावना है। विभागों को रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

Dhanbad News: जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सात अक्तूबर को डीसी ऑफिस में आयोजित की जाएगी। बैठक को लेकर सरकारी विभागों में तैयारी शुरू हो गई है। लगभग डेढ़ वर्षों बाद हो रही बैठक हंगामेदार होने की पूरी संभावना है। पिछली बैठक में धनबाद के सांसद-विधायकों ने जो मुद्दे उठाए थे, डेढ़ वर्षों बाद भी उनमें से अधिकतर पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसे लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी का सामना जिले के सरकारी विभाग के अफसरों को करना होगा। दिशा की पिछली बैठक 18 जून 2025 को हुई थी। धनबाद में एक बार फिर से दिशा की बैठक की तैयारी है। एक और बैठक होगी, मुद्दे उठेंगे लेकिन उनपर कोई काम नहीं होगा। अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होने से जनप्रतिनिधियों के उठाए मुद्दों पर धनबाद में काम नहीं हो पा रहा है। डीसी ने सभी विभागों को राज्य और केंद्र सरकार की 101 योजनाओं पर रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। बैठक में डीडीसी, नगर आयुक्त, पथ प्रमंडल, वन विभाग, कृषि विभाग, जेबीवीएनएल, भू राजस्व, भू अर्जन विभाग समेत 50 से अधिक विभागों के प्रमुख को पत्र लिखकर बैठक में उपस्थित रहने को कहा गया है। विभाग की योजनाओं के लक्ष्य और उपलब्धि की रिपोर्ट के साथ अधिकारियों को बैठक में आना है。
दुर्गापूजा को देखते हुए सड़क-बिजली पानी रहेगा मुद्दा
दिशा की बैठक में इस बार भी दुर्गापूजा को लेकर टूटी सड़क, पानी संकट और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा हावी रहेगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के विधायक अपने इलाके की पानी, सड़क और जाम जैसी समस्याओं को उठाएंगे। इसे देखते हुए सरकारी विभाग भी इन समस्याओं पर जवाब तैयार करने में जुटे हुए हैं।
18 जून 2025 में सांसद-विधायक के उठाए हुए मुद्दे
ढुल्लू महतो, सांसद धनबाद
- धनबाद में एयरपोर्ट के लिए जमीन चिह्नित करने का प्रस्ताव : कोई काम नहीं हुआ
- पाइपलाइन और सड़क क्षतिग्रस्त करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई : कोई कार्रवाई नहीं हुई
- खनन के लिए की जाने वाली ब्लास्टिंग की मापदंड तय की जाए : प्रशासन ने पत्र भेजा
---
राज सिन्हा, विधायक, धनबाद
- एसबी जांच में फंसी 38 सड़कों का निर्माण शुरू किया जाए : अभी तक कुछ नहीं हुआ
- हैवी ब्लास्टिंग पर आवास क्षतिग्रस्त होने पर डीजीएमएस पर एफआईआर : नहीं की गई
- रानीबांध में जलजमाव का समाधान : इस समस्या का हल कर लिया गया
---
मथुरा महतो, विधायक, टुंडी
- आठ लेन सड़क के किनारे नावाडीह में जलजमाव की समस्या दूर हो : कोई कार्रवाई नहीं
- ग्रामीण क्षेत्र की अधूरी योजनाओं का काम पूरा करें : कुछ योजनाओं पर काम शुरू हुआ
---
रागिनी सिंह, विधायक, झरिया
- आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा घनी आबादी में ओबी डंप करना : अभी भी डंपिंग जारी
- झरिया में पानी की समस्या को दूर करें : कुछ योजनाओं पर काम शुरू हुआ
- झरिया अंचल कार्यालय का जीर्णोद्धार : अभी स्थिति जस की तस है
---
चंद्रदेव महतो, विधायक, सिंदरी
- धनबाद-बलियापुर सड़क की मरम्मत का मुद्दा : आज भी सड़क जर्जर स्थिति में है
- भूदा से मुकुंदा तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव : इस योजना पर कागजी प्रक्रिया शुरू हुई है।
- बलियापुर में नया सब स्टेशन का प्रस्ताव : योजना फाइलों में है।
------
शत्रुध्न महतो, विधायक, बाघमारा
- गोशला पुल के जलजमाव को दूर करने का प्रस्ताव : बरसात में पानी भर गया था।
- लिलोरी मंदिर, बूढ़ा बाबा मंदिर में सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव : सुविधाएं नहीं बढ़ीं।
- टुंडू हाईस्कूल को प्लस टू में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव : नहीं बना
------
अरूप चटर्जी, विधायक, निरसा
- निरसा सीएचसी की जर्जर स्थिति को सुधारने का प्रस्ताव : इसे ढाई किलोमीटर दूर पांड्रा मोड़ शिफ्ट कर दिया। इससे ग्रामीणों को हो रही परेशानी।
- पांड्रा बेजरा को निरसा प्रखंड में शामिल करने का प्रस्ताव : अभी भी यह पूर्वी टुंडी प्रखंड में है।


