जिला परिषद की खाली जमीन को लीज पर देने की तैयारी शुरू
धनबाद जिला परिषद अपनी खाली जमीनों को लीज पर देने की योजना बना रही है, जिसका उद्देश्य आय बढ़ाना और विकास कार्यों को गति देना है। प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर जारी किया जाएगा। पहले चरण में प्रमुख स्थानों की जमीन लीज पर दी जाएगी, जिससे परिषद को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

धनबाद, संवाददाता धनबाद जिला परिषद अपनी खाली जमीन को लीज पर देने की तैयारी शुरू कर रही है। इसका उद्देश्य जिला परिषद की आय बढ़ाना और विकास कार्यों को गति देना है। इस संबंध में जिला परिषद बोर्ड से प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है और अब संबंधित फाइल राज्य सरकार को भेज दी गई है। राज्य सरकार से अनुमति मिलते ही लीज प्रक्रिया के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। बता दें कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जिला परिषद के पास काफी जमीन है। इनमें से कई भूखंड वर्षों से खाली पड़े हुए हैं। कुछ स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति भी है।
इस जमीन का समुचित और बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लीज पर देने की योजना बनाई गई है, जिससे जिला परिषद को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सके। उस राशि का उपयोग जिले के विकास कार्यों में किया जा सके। लीज प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में पुराना बाजार क्षेत्र में पानी टंकी के पास की जमीन, पूजा टॉकीज के समीप की भूमि, आमाघाटा के पास की जमीन, खड़ेश्वरी मंदिर के समीप का विवाह भवन की जमीन तथा निरीक्षण भवन परिसर में स्थित परिषद की जमीन को लीज पर देने की तैयारी है। इन प्रमुख स्थानों पर जमीन लीज पर जाने से परिषद को अच्छी आय होने की संभावना है। पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के अन्य क्षेत्रों में मौजूद परिषद की खाली जमीनों की पहचान की जाएगी और उन्हें भी क्रमवार रूप से लीज पर दिया जाएगा। जिला परिषद का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ भूमि का सदुपयोग होगा, बल्कि आर्थिक संसाधन में वृद्धि के साथ-साथ विकास योजनाओं को भी नई गति मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



