
एसएसएलएनटी कॉलेज में अर्थशास्त्र की 250 छात्राएं बिन शिक्षक के
धनबाद के एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की 250 से अधिक छात्राओं की पढ़ाई संकट में है। एकमात्र शिक्षक डॉ शोभा सरिता का तबादला हो गया है, जिससे विभाग शिक्षक विहीन हो गया है। छात्राओं ने परीक्षा और सिलेबस के लिए चिंता जताई है, और कॉलेज प्रबंधन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की 250 से अधिक छात्राओं की पढ़ाई पर संशय मंडरा रहा है। कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग में कार्यरत एकमात्र शिक्षक डॉ शोभा सरिता का तबादला पिछले दिनों विश्वविद्यालय के पीजी अर्थशास्त्र विभाग में कर दिया गया है। पीजी अर्थशास्त्र विभाग में तबादले के कारण एसएसएलएनटी कॉलेज का अर्थशास्त्र विभाग अब शिक्षक विहीन हो गया है। ऐसे में छात्राओं की चिंता बढ़ गई है। छात्राओं ने कहा कि शिक्षक नहीं रहने के कारण हमलोगों का इंटरनल टेस्ट कैसे होगा। इंटरनल परीक्षा का प्रश्नपत्र कौन बनाएगा। हमलोगों का अधूरा सिलेबस कैसे पूरा होगा। इसकी चिंता विश्वविद्यालय व कॉलेज प्रबंधन को भी नहीं है।
विश्वविद्यालय व कॉलेज प्रबंधन अविलंब हमलोगों की पढ़ाई की वैकल्पिक व्यवस्था करे। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के शिक्षक को विवि के लिए विरमित करने पर छात्राएं कॉलेज प्रबंधन को भी जमकर कोस रही हैं। मामले में छात्राओं का कहना है कि छात्रहित में छात्र संघ इस मामले में आकर कॉलेज व विश्वविद्यालय से सवाल पूछे कि वैकल्पिक व्यवस्था क्या है। हमलोगों की पढ़ाई कैसे पूरी होगी। वहीं कॉलेज में कई अन्य विभागों में शिक्षक नहीं हैं अथवा शिक्षकों की कमी है। -- छात्राओं की कक्षाएं होंगी : वीसी मामले में वीसी प्रो. रामकुमार सिंह ने कहा कि अर्थशास्त्र की छात्राओं की पढ़ाई पूरी होगी। उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। एसएसएलएनटी कॉलेज प्राचार्य की अनुमति से उक्त शिक्षिका ही विश्वविद्यालय के अलावे एसएसएलएनटी कॉलेज में भी जाकर क्लास लेगी। इस कारण कोई समस्या नहीं होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




