Dhanbad News: बकाया वेतन को लेकर 108 एंबुलेंस कर्मियों का धरना
Dhanbad News: धनबाद में बुधवार को 108 एंबुलेंस चालक और कर्मचारियों ने पांच माह के बकाया वेतन समेत कई मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के सामने धरना दिया। कर्मचारियों ने सम्मान फाउंडेशन और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। संघ ने पूजा से पहले वेतन नहीं मिलने पर राज्यभर में हड़ताल की चेतावनी दी। जिले की 37 एंबुलेंस में सिर्फ पांच-छह चलने की बात भी कही गई।

Dhanbad News: धनबाद, प्रमुख संवाददाता। पांच माह के बकाया वेतन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को 108 एंबुलेंस के चालक और कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना दिया। एंबुलेंस संचालक एजेंसी सम्मान फाउंडेशन और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले चल रहे आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने किया। इस दौरान सिविल सर्जन कार्यालय में रोगी कल्याण समिति की बैठक चल रही थी। वहीं बाहर में एंबुलेंस कर्मी प्रदर्शन कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना था कि आश्वासन के बावजूद बकाया वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। त्योहार के समय वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाने का संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मचारियों का कहना था कि झारखंड सरकार ने 25 मई को ही सम्मान फाउंडेशन का करार समाप्त कर दिया और सिविल सर्जन को एंबुलेंस का हैंडओवर लेने का निर्देश दिया था। बावजूद एजेंसी पूर्व की तरह काम कर रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी हो रही है। प्रबंधन को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पूजा से पहले बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो राज्यभर के 108 एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने एंबुलेंस संचालन और वेतन भुगतान की व्यवस्था सिविल सर्जन के माध्यम से सरकारी स्तर पर करने, हटाए गए कर्मियों को दोबारा बहाल करने तथा ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम वेतन सहित वैधानिक सुविधाएं देने की मांग की। मौके पर धरमजीत चौधरी, राघवेंद्र नारायण पांडेय, मनोज साव, प्रशांत नियोगी, रवींद्र शर्मा, मनोज कुमार, पिंकू महतो, सुखबीर उरांव और राहुल कुमार समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।
एंबुलेंस संचालन की स्थिति
सिर्फ पांच-छह एंबुलेंस का संचालन: कर्मियों ने कहा कि जिले को 37 एंबुलेंस आवंटित हैं, जिनमें सिर्फ पांच-छह एंबुलेंस का संचालन हो रहा है। बाकी गाड़ियां खराब पड़ी हैं।
जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना
जनप्रतिनिधियों ने दिखाई संवेदना: रागी कल्याण समिति की बैठक में पहुंचे मेयर संजीव सिंह और जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कर्मचारियों से बात की और उनकी मांगों को जायज ठहराया। इनका कहना था कि त्योहारों के पहले हर किसी को वेतन मिलना चाहिए। वहीं सिविल सर्जन डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। वे बात कर समस्या का समाधान कराने की कोशिश करेंगे।

