Dhanbad News: श्वास और समय दो रत्न, इनका सदुपयोग करें : प्रताप चंद्र
Dhanbad News: धनबाद में श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी जैसे भजनों से शंभू धर्मशाला गूंज उठी। श्रीमद्भागवत कथा में भक्तिमय माहौल बना रहा, जहां कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाया गया। कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के महत्वपूर्ण संदेश दिए।

Dhanbad News: धनबाद, वरीय संवाददाता। पायो जी मैंने राम रतन धन पायो... श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी... जैसे मधुर भजनों से शंभू धर्मशाला गुंजायमान रही। श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन कथा स्थल पर वृज, वृंदावन, बरसाना और मथुरा जैसा भक्तिमय वातावरण बना रहा। कथा के दौरान कृष्ण-सुदामा चरित्र के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथावाचक प्रताप चंद्र गोस्वामी ने कहा कि भगवान ने मनुष्य को दो बहुमूल्य रत्न देकर धरती पर भेजा है, पहला श्वास और दूसरा समय। इन दोनों का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसकी कामना पूर्ण नहीं होती, वही विकारों से घिरता है। प्रभु कण-कण में विराजमान हैं, इसलिए उन पर विश्वास रखना चाहिए।
कथा में भगवान श्रीकृष्ण की कथा
कथा में भगवान श्रीकृष्ण पर लगे मणि चोरी के कलंक का प्रसंग सुनाया गया। मणि की तलाश में जंगल पहुंचे भगवान का जामवंत से द्वंद्व युद्ध हुआ। बाद में भगवान ने जामवंत को अपने राम स्वरूप के दर्शन दिए। कथावाचक ने कहा कि यह शरीर भूत के समान है और संसार की ओर भागता रहता है। मन को सत्संग में लगाने से ही मनुष्य जीवन का कल्याण संभव है।
कृष्ण-सुदामा की मित्रता
कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाते हुए कथावाचक ने बताया कि सुदामा जब द्वारिका पहुंचे तो द्वारपालों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान न सर पे है पगड़ी, न तन पे है जामा, बता दो कन्हैया को नाम है सुदामा... भजन सुनकर श्रद्धालु झूम उठे। भगवान श्रीकृष्ण ने सुदामा के चरण अपने अश्रुओं से धोकर उन्हें गले लगाया। कथावाचक ने कहा कि मित्रता हो तो कृष्ण-सुदामा जैसी होनी चाहिए।

