
अकिंचन, अचाह व प्रेमयुक्त भक्ति भगवान प्रसन्न होते हैं : रामानुजाचार्य
बरोरा, शास्त्री नगर में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन भक्तिमय वातावरण में प्रवचन हुआ। रामानुजाचार्य विक्रमाचार्यजी ने कहा कि भगवान प्रसन्न होते हैं जब भक्ति प्रेमयुक्त होती है। कथा के दौरान भक्त प्रह्लाद और ध्रुव की भक्ति के प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कार्यक्रम का समापन ठाकुरजी की आरती से हुआ।
बरोरा, प्रतिनिधि। शास्त्री नगर (जमुआटांड़) में आयोजित सप्ताहव्यापी संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन मंगलवार की शाम भक्तिमय वातावरण में प्रवचन की अमृतवर्षा हुई। रामानुजाचार्य विक्रमाचार्यजी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि आकिंचन, अचाह एवं प्रेमयुक्त भक्ति से ही भगवान प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान के नाम संकीर्तन और नाम जाप ही मुक्ति का सुलभ मार्ग है। स्वामीजी ने आगे कहा कि जब मनुष्य बिना किसी स्वार्थ के ईश्वर की अनन्य भक्ति करता है, तो भगवान अपने भक्तों को कभी निराश नहीं करते। उन्होंने यह भी बताया कि जो भक्त श्रद्धा से भगवत कथा का आयोजन करते हैं, उनके पितरों का परलोक में सम्मान बढ़ता है।

कथा के दौरान भक्त प्रह्लाद और ध्रुव की निष्काम भक्ति के प्रसंगों का वर्णन सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम का समापन ठाकुरजी की संगीतमय आरती के साथ हुआ। मौके पर धनबाद सांसद ढुलू महतो की पत्नी सावित्री देवी एवं विधायक शत्रुघ्न महतो की पत्नी डोली देवी ने भी उपस्थित होकर स्वामीजी से आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा श्रवण किया। मुख्य यजमान यजमान मनदीप शास्त्री की पत्नी प्रीति पांडे ने दोनों अतिथि को माला पहनाकर कथा स्थल पर स्वागत किया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कथा स्थल भक्ति भावना से सराबोर रहा। उपस्थित प्रमुख श्रद्धालुओं में मुकेश कुमार राय, नीरजा राय, लतिका देवी, उदय सिंह, आदित्य सिंह राणा, शोभनाथ सिंह, दिलीप कुमार पाठक, प्रह्लाद राय, किरण राय, गामा सिंह, मनोज सिंह, विजेंद्र सिंह एवं ओमप्रकाश साव सहित अनेक भक्तजन शामिल थे। कथा का चौथा दिन बुधवार को आयोजित होगा। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के बाल लीला प्रसंगों का रसपान कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




