Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsDaylight Murder of Prem Kumar in Jharkhand Father Accuses Eight Political Rivalry Suspected
झरिया शूटआउट में आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज

झरिया शूटआउट में आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज

संक्षेप: झरिया थाना क्षेत्र में प्रेम कुमार उर्फ प्रेम यादव की हत्या के मामले में उनके पिता ने आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि बड़ाई राय और वीरेंद्र राय ने सुपारी देकर हत्या कराई। प्रेम यादव राजद का युवा नेता था और पंचायत चुनाव के विवाद के चलते रंजिश की आशंका जताई गई है।

Thu, 20 Nov 2025 02:51 AMNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद झरिया, हिन्दुस्तान टीम। झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित रतनजी भगवान जी पेट्रोल पंप के समीप हुई दिनदहाड़े हत्या में मृतक प्रेम कुमार उर्फ प्रेम यादव (20 वर्ष) के पिता सारण (छपरा) मकेर के फुलवरिया निवासी सुनील राय ने झरिया थाने में आठ लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। सभी छपरा के रहने वाले हैं। आवेदन में सुनील राय ने मकेर की फुलवरिया पंचायत के मुखिया पति सह स्व दरोगा राय के पुत्र बड़ाई राय (वराई राय) और वीरेंद्र राय पर सुपारी देकर पुत्र की हत्या कराने का आरोप लगाया है। कतरास मोड़ के पास बाइक सवार तीन हमलावरों ने मंगलवार की दोपहर सवा तीन बजे होटल से खाना खाकर सड़क पर निकले प्रेम यादव के सिर में गोली मार दी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पुलिस ने घनुडीह ओपी क्षेत्र में तिसरा-बलियापुर रोड के पास झाड़ी से शूटरों की बाइक लावारिस अवस्था में बरामद कर ली है। पुत्र की हत्या की सूचना पर बुधवार को पिता सुनील राय पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि बड़ाई राय और वीरेंद्र राय ने सुपारी देकर उनके पुत्र की हत्या कराई है। हत्याकांड में भेल्दी के तकेया के वकील राय के पुत्र सुजीत राय, भेल्दी के खरिदाहा निवासी रमण पांडेय, फुलवरिया के रजव अंसारी, अमनौर के मदरौली के रोहित कुमार सिंह, परसा के फतेहपुर के शशि राय और सोनपुर के भिंडी टोले के आकाश गोप शामिल हैं। पुलिस ने लिखित शिकायत पर सभी आठ आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए एक टीम छपरा रवाना हो गई है। प्रेम यादव की हत्या में जिस रमण पांडेय को आरोपी बनाया गया है, वह दो अक्तूबर को छपरा में मारे गए राहुल पांडेय का भाई है। इस हत्याकांड में नाम आने के बाद से ही प्रेम यादव ने अपने घर फुलवरिया छोड़कर झरिया में पनाह ली थी। पिता ने आरोपियों की भूमिका के संबंध में पुलिस को जानकारी दी है। हमलावरों की तलाश में पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव ले गए माता-पिता: पुत्र की हत्या की खबर पाकर पिता सुनील राय अपनी पत्नी मंजू देवी, भतीजा और दो दामाद के अलावा दो अन्य साथ झरिया पहुंचे। झरिया थाने में लिखित शिकायत देने के बाद पुलिस ने उनसे आरोपियों के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद सभी एसएनएमएमसीएच पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने पिता को शव सौंप दिया। बेटे का शव लेकर सुनील राय धनबाद से रवाना हो गए। पिता ने बताया कि दो बेटों में प्रेम छोटा था। बड़ा बेटा प्रिंस यादव के अलावा उनकी दो विवाहित पुत्रियां हैं। बड़ाई राय से पंचायत चुनाव में थी रंजिश: झरिया शूटआउट में मारे गए छपरा के मकेर के फुलवरिया के प्रेम यादव की हत्या के पीछे चार साल पहले बिहार में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रंजिश को प्रमुख वजह माना जा रहा है। 2021 के पंचायत चुनाव में बड़ाई राय की पत्नी मीना देवी प्रेम की मां और सुनील राय की पत्नी मंजू देवी को हरा कर मुखिया बनी थीं। इसको लेकर दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। वहीं बिहार विधानसभा चुनाव में सुनील और बड़ाई अगल-अलग खेमों में बंटे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुनील राय और उनका बेटा खुलकर अमनौर विधानसभा के राजद प्रत्याशी के पक्ष में थे, जबकि बड़ाई का झुकाव भाजपा प्रत्याशी के प्रति था। राजनीतिक रूप से दोनों परिवारों में तलवारें खीचीं थीं। अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी दोनों पक्ष तैयारियों में जुटे थे। पुलिस ने दोनों की अदावत की तफ्तीश शुरू कर दी है। राजद का युवा नेता था प्रेम यादव: पिता सुनील राय ने बताया कि प्रेम यादव राजद का युवा नेता था। सुनील भी राजद में उपाध्यक्ष हैं। पिता ने बताया कि उनकी जानकारी में पुत्र पर सिर्फ तीन मामले दर्ज हैं। मकेर में दो और भेल्दी डबल मर्डर मामले में एक केस है। मांझी और यूपी के बलिया के बैरिया में दर्ज मामलों की जानकारी नहीं है। पुलिस ने मंगलवार को दावा किया था कि प्रेम यादव पर बिहार के छपरा में 10 और बलिया के बैरिया में सात एफआईआर दर्ज हैं। आर्म्स एक्ट के एक मामले में वह 19 जुलाई-2023 से 29 अगस्त-2023 तक छपरा जेल में रहा था। फेसबुक पोस्ट से प्रेम के झरिया में होने की मिली जानकारी: प्रेम यादव सोशल मीडिया पर सक्रिय था। एक दिन में वह 10 से 20 पोस्ट सिर्फ फेसबुक पर डालता था। वह इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार पोस्ट डालता था। वह डेढ़ माह से गुपचुप तरीके से झरिया में रह रहा था। 16 नवंबर को प्रेम ने फेसबुक पर तस्वीर डाली थी, जिसमें बैंकग्राउंड में एक दुकान पर झरिया लिखा था। पुलिस मान रही है कि इसी पोस्ट के कारण दुश्मनों को उसके झरिया में होने की सूचना मिली और शूटर झरिया पहुंच गए। हत्या से करीब डेढ़ घंटे पहले उसने अपने एफबी पर रेजांगला युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी थी। हत्या से पहले शूटरों ने खरीदी थी शराब: पुलिस को जानकारी मिली कि प्रेम की हत्या से पूर्व हमलावरों ने झरिया की दुकान से शराब खरीदी थी। पुलिस कतरास मोड़ से धनसार मोड़ तक सड़क के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में लगी है। पुलिस मान रही है कि अपराधी कतरास मोड़ दुखहरणी पुल से बर्फ कल झरिया स्टेशन रोड होते हुए बलियापुर की ओर भाग निकले। पुलिस की नजर से बचने के लिए उसने बाइक छोड़ दी। पुलिस जब्त बाइक से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।