Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsCyclone Weakens in South India Cold Weather Expected with Temperature Drop
बादल छंटते ही सताएगी कड़ाके की सर्दी

बादल छंटते ही सताएगी कड़ाके की सर्दी

संक्षेप:

दक्षिण भारत में आया चक्रवात कमजोर पड़ गया है, जिससे मौसम साफ होने और ठंड बढ़ने की संभावना है। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय क्षेत्र में हिमपात होने की संभावना है, जबकि बोकारो और गिरिडीह में ठंड का असर अधिक रहेगा।

Thu, 4 Dec 2025 02:32 AMNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद, संवाददाता। दक्षिण भारत में आया चक्रवात कमजोर पड़ गया है। चक्रवात के कमजोर पड़ने के साथ अब बादलों की आवाजाही पर ब्रेक लग जाएगा। बादल छंटते ही मौसम साफ होगा और ठंड तेवर दिखाएगी। अगले चार दिनों तक ठिठुरन वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। रविवार से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है। इस कारण तेज ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मौसम केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट की संभावना जताई गई है। तीन से छह दिसंबर के दौरान सुबह में कोहरा या धुंध छाने के बाद मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप खिलेगी पर रात में सर्द हवाएं सितम ढाएंगी। पांच दिसंबर से हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ों पर हिमपात की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के बादलों से तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। बादल छंटने और मौसम साफ होने के बाद फिर कड़ाके की ठंड असर दिखाएगी। धनबाद की तुलना में बोकारो व गिरिडीह जैसे पड़ोसी जिलों में ठंड का असर अधिक रह सकता है। दोनों जिलों में अगले तीन-चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान नौ डिग्री पर पहुंच सकता है। दूसरी ओर जामताड़ा का न्यूनतम तापमान धनबाद की तुलना में एक डिग्री ऊपर रहने की संभावना है।