Dhanbad News: धनबाद में चक्रवात अर्नब का असर, आज भारी बारिश संभव
Dhanbad News: धनबाद, पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन चक्रवात अर्नब के प्रभाव में आ गया है। 24 सितंबर को मध्यम बारिश और तेज आंधी की संभावना है। लगातार बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियों की चेतावनी दी है।

Dhanbad News: धनबाद, संवाददाता। धनबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने गहरे डीप डिप्रेशन चक्रवात अर्नब का असर दिखने लगा है। 24 सितंबर को धनबाद में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश होगी। इस दौरान भारी बारिश और तेज आंधी की भी संभावना है। बुधवार की सुबह से ही धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बुधवार को हुई बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। लगातार बारिश होने के कारण शहर के निचले हिस्सों, गलियों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या बढ़ गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना जताई है। 24 सितंबर को धनबाद में बारिश की तीव्रता बढ़ने और कई जगहों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है.
24 को बढ़ेगी बारिश की रफ्तार:
पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। मौसम विभाग ने 24 सितंबर को धनबाद में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान भारी बारिश और तेज आंधी की भी संभावना है।
27 तक बारिश का दौर:
धनबाद में 25 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 26 और 27 सितंबर को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 29.7 डिग्री और 27 सितंबर को 30.8 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।
अब भी सात प्रतिशत कम दर्ज की गई बारिश:
मौसम विभाग के अनुसार एक जून से 23 सितंबर तक धनबाद में कुल 945.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में जिले में सामान्य बारिश का आंकड़ा 1016 मिलीमीटर है। यानी धनबाद में अबतक सामान्य से करीब 70.1 मिमी कम बारिश हुई है। बारिश में करीब सात प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

