
वाहन के धक्के से बुजुर्ग की मौत, पांच घंटे रोड जाम
संक्षेप: बाघमारा में शनिवार को एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय शेख हैदर अली की मौत हो गई। आईबीपी कंपनी के वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की। प्रशासन की वार्ता के बाद जाम खत्म हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बाघमारा, प्रतिनिधि फुलारीटांड़-कतरास मुख्य मार्ग के नावागढ़ मोड़ पर शनिवार की सुबह एक सड़क हादसे में शेख हैदर अली (65 वर्ष) की मौत हो गई। वे खरखरी बस्ती के रहनेवाले थे। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने पांच घंटे तक रोड जाम कर दिया। वार्ता के बाद जाम हटाया गया। जानकारी के अनुसार बाघमारा से कतरास की ओर जा रहे आईबीपी कंपनी के वाहन ने साइकिल सवार हैदर अली को अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही खरखरी बस्ती के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने बारूद लदे वाहन पर पथराव कर दिया।

इससे वाहन का आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान वाहन चालक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना पाकर बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू समेत मधुबन, महुदा, बरोरा, बाघमारा और सोनारडीह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को शांत कराया। मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और नावागढ़ मोड़ से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। इससे बाघमारा-कतरास एवं महुदा मार्ग पर आवागमन लगभग पांच घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। ग्रामीणों ने बताया कि नावागढ़ मोड़ पर सड़क के दोनों ओर सब्जी की दुकानें व अतिक्रमण होने के कारण हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। त्रिपक्षीय वार्ता के बाद जाम खत्म करीब पांच घंटे बाद मधुबन थाना परिसर में प्रशासन की मौजूदगी में आईबीपी कंपनी के ठेकेदार प्रतिनिधि व ग्रामीणों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। प्रखंड प्रशासन की ओर से मृतक के आश्रितों को पेंशन व आवास योजना का लाभ देने का आश्वासन दिया गया। समझौते के बाद दोपहर एक बजे शव को उठाया गया और जाम हटाया गया। वार्ता में खरखरी मुखिया कुंदन रजक, फुलारीटांड़ मुखिया प्रतिनिधि दिलीप विश्वकर्मा, शेख गुड्डू, समाजसेवी राजकुमार यादव, शेख रहीम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे के बाद मृतक की पत्नी तोहफा बीबी व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पांच पुत्र और चार पुत्रियां हैं। घटना के बाद खरखरी व आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




