पुराना बाजार के होटल को बना रखा था साइबर क्राइम का अड्डा

Dec 23, 2025 03:15 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद के होटल मैहर में साइबर ठगों का एक गिरोह पकड़ा गया है। पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो यूपी के हैं। ठग सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों से जानकारी लेकर ठगी कर रहे थे। उनके पास से कई सामान और नकद भी बरामद हुआ है।

पुराना बाजार के होटल को बना रखा था साइबर क्राइम का अड्डा

धनबाद, मुख्य संवाददाता पुराना बाजार के होटल मैहर को साइबर ठगों ने ठगी का अड्डा बना रखा था। बैंक मोड़ पुलिस ने रविवार की रात छापेमारी कर होटल से अंतरप्रांतीय गिरोह के पांच साइबर ठगों को दबोचा। इनमें से दो आरोपी उत्तर प्रदेश के नोएडा के हैं, जबकि बिहार के रोहतास, गिरिडीह और भूली के एक-एक आरोपी गिरोह का संचालन करते पकड़ गए। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सोमवार को इस ठगी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए बताया कि पांचों होटल के कमरे में बैठ कर लोगों से ठगी कर रहे थे। उनके पास से एक स्कार्पियो, छह हजार रुपए नकद, 10 मोबाइल फोन, 38 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, बैंक खाता एक्टिवेट करने में प्रयुक्त 16 मोबाइल सिम, फिंगर प्रिंट क्लोन करने की सामग्री, एम-एटीएम और एक पीओएस मशीन जब्त की है।

बातचीत के दौरान डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एसआई तारिक वसीम, अभय कुमार और शबाज अंसारी आदि उपस्थित थे। --- इनकी हुई है गिरफ्तारी - सूरज चौहान, यूपी नोएडा सेक्टर 53 गौतम बुद्ध नगर, वर्तमान पता नोएडा गौतम बुद्ध नगर सेक्टर 49 - साहिल खां, नोएडा जीबीटी नगर सेक्टन 49 मामूरा गली नंबर 5 - बिकू साह, बिहार, रोहतास, विक्रमगंज, गोसाईं मोहल्ला - पिंटू कुमार मंडल, गिरिडीह अहिल्यापुर बुधुडीह - बसंत कुमार मंडल, भूली ई ब्लॉक सेक्टर-3 --- योजना का लाभ, केवाईसी अपडेट व एपीके फाइल से करते थे ठगी गिरफ्तार पांचों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ये लोग सरकारी योजना में पैसा मिलने की बात कह कर भोलेभाले लोगों से उनका बैंक पासबुक, एटीएम, रजिस्टर्ड सिम ले लेते थे। डीटीओ ई-चालान, एसबीआई रिवार्ड, योनो एसबीआई आदि के एपीके फाइल भेज कर लोगों को झांसा दिया जाता था। एपीके फाइल डाउनलोड होते ही उस मोबाइल का पूरा एक्सेस ठगों के पास चला जाता था। मोबाइल के एसएमएस और ओटीपी एक्सेस एडमिन पैनल की मदद से कॉल को फारवर्ड कर ये लोग एसएमएस और ओटीपी का विवरण प्राप्त कर लेते थे। विवरण के आधार पर बैंक खातों से ठगी की जाती थी। --- सूरज नोएडा के सीएससी सेंटर से मंगाता है फिंगर प्रिंट का क्लोन सूरज चौहान ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका नोएडा के बरोला सेक्टर 49 एसएसी पब्लिक स्कूल के सामने डिजिटल साइबर कैफे है। उसी सेंटर पर सीएससी (ग्राहक सेवा केंद्र) चलाता है। वहां जो भी ग्राहक आधार लिंक से अंगूठा लगाकर पैसों की निकासी करते थे, उनके अंगूठे का एम-सिल और फेवीकॉल की मदद से फिंगर प्रिंट क्लोन बनाकर उनके खातों से ठगी करते थे। --- नोएडा के मनु और मुराईडीह के तीन लड़कों सहित छह की तलाश पुलिस को सूचना मिली है कि गिरोह नोएडा ममुरा जयमहाकाल मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर के मनु तिवारी से ठगी में मदद ले रहा था। बरोरा मुराईडीह कॉलोनी मंडल मीट दुकान के पास रहने वाला अज्जल अंसारी, राजकुमार मंडल और अमित कुमार मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते थे। तीनों से प्राप्त मोबाइल नंबर पर डीटीओ ई-चालान, एसबीआई रिवार्ड, योनो एसबीआई आदि के एपीके फाइल भेज कर लोगों को जाल में फंसाया जाता था। विनोद मंडल और साहजेब मंजर को भी पुलिस खोज रही है। कई बार अज्जल अंसारी और राजकुमार मंडल बैंक अधिकारी बनकर भी केवाईसी अपडेट के नाम पर उनके खाते से ठगी करते थे। --- होटल संचालक पर होगी कार्रवाई पूछताछ में पता चला है कि पांचों लड़के चार दिनों से पुराना बाजार के होटल मैहर में रुके हुए थे। होटल में रहकर सभी यहां साइबर ठगी करते थे और ठगी के रुपयों को निकालते थे। वे लोग हमेशा इसी होटल में रुकते थे। उन्होंने बताया कि बिना किसी पूछताछ के इस होटल में उन्हें कमरा दे दिया जाता था ताकि पुलिस को पता नहीं चल सके। बदले में वे लोग कमरों का बढ़ा कर किराया देते थे। बैंक मोड़ पुलिस मैहर होटल के मालिक उपेंद्र सिंह व अन्य पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;