बलियापुर में अमृत सरोवर को अधूरा छोड़ ठेकेदारों ने उठा लिए 60 लाख
धनबाद के बलियापुर में लघु सिंचाई विभाग की अमृत सरोवर योजना में 60 लाख रुपए का गबन हुआ है। ठेकेदार ने बिना काम पूरा किए ही पैसे ले लिए, जबकि तालाबों का निर्माण अधूरा है। सीढ़ियाँ और चेंजिंग रूम नहीं बनाए गए। विभागीय इंजीनियरों की मिलीभगत से पूरा भुगतान कर दिया गया।

अमन्या सुरेश धनबाद। बलियापुर में लघु सिंचाई विभाग की अमृत सरोवर योजना में सरकारी राशि का गबन किया गया है। संवेदकों ने टेंडर के नियमों को अनदेखा कर तीन तालाबों के निर्माण के नाम पर 60 लाख रुपए की राशि का भुगतान करा लिया। जिन तालाबों का भुगतान विभाग ने वर्षों पहले कर दिया, वह आज तक अधूरे पड़े हैं। इन तालाबों में न घाट बनाए गए और न ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बने। इसके बावजूद विभाग के इंजीनियरों की मिलीभगत से पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया। बलियापुर के परघा, दुधिया, परसबनिया गांव में अमृत सरोवर योजना के तहत नए तालाब का निर्माण किया गया है।
अमृत सरोवर योजना के तहत एक तालाब निर्माण में 20 लाख 8 हजार रुपए का बजट आवंटित किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना काम पूरा किए ही पूरे पैसे ले लिए हैं। काम की गुणवत्ता भी खराब है। अमृत सरोवर में सीढ़ियां और चेंजिंग रूम का काम अभी भी बाकी हैं¹। बलियापुर में वित्तीय वर्ष 2022-23 में लघु सिंचाई विभाग द्वारा अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया था। सरोवर के किनारे स्थित घरों से उसमें कूड़ा कचरा फेंका जा रहा है। साफ-सफाई की भी कोई व्यवस्था नहीं है। ----------- 60 लाख की लागत से तालाबों का किया गया था निर्माण परसबनिया में नहीं बनाया गया घाट : परसबनिया में अमृत सरोवर बनाया गया। सिंचाई के साधन बढ़ाने तथा भूजल स्तर को बनाए रखने के लिए सरोवर का निर्माण कराया गया था। लघु सिंचाई विभाग की ओर से इसका निर्माण किया गया था। अमृत सरोवर के निर्माण पर 20 लाख रुपए से अधिक की राशि खर्च हुई परंतु न तो सीढ़ियां बनीं और न ही चेंजिंग रूम बना है। --- दुधिया में चेंजिंग रूम के लिए गड्ढा खोद कर छोड़ा : दुधिया में अमृत सरोवर बनाया गया लेकिन तालाब के किनारे महिलाओं के चेंजिंग रूम का निर्माण नहीं किया गया है। चेंजिंग रूम की जगह पर सिर्फ एक बड़ा सा गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है। स्थानीय लोग बताते हैं कि तालाब के निर्माण के समय से ही यह गड्ढा बना हुआ है। ------- परघा में दो घाट बनाकर अधूरा छोड़ा: बलियापुर के परघा में अमृत सरोवर बनाया गया। यहां दो तरफ से घाट बनाया गया है। बाकी के दो घाटों को छोड़ दिया गया है। दो तरफ घाट का पैसा संवेदक और विभागीय इंजीनियर की जेब में चला गया। संवेदक ने अधूरा काम का पूरा भुगतान विभाग की मिलीभगत से उठा लिया। --------- यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है। मामला काफी दिनों पुराना है, उस समय मेरी पोस्टिंग यहां नहीं थी। मामले को जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी। -बेनीलाल मरांडी, कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




