आगे चल रहे ट्रेलर से टकराया कंटेनर, चालक गंभीर
महेशपुर मोड़ के समीप एक कंटेनर ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर उसे निकाला और घायल चालक को धनबाद रेफर किया गया। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हुआ और लंबा जाम लगा।

महेशपुर मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार की तड़के लगभग तीन बजे कोलकाता की ओर तेज गति से जा रहा एक कंटेनर आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा भिड़ा। बताया जा रहा है कि ट्रेलर सड़क पार कर रहा था, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
हादसे में चालक का एक पैर गंभीर रूप से जख्मी होने की बात कही जा रही है। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। दुर्घटना के कारण करीब सात से आठ घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सर्विस लेन से वाहनों का आवागमन शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



