महागठबंधन के पास राज्यसभा की दोनों सीट जीतने भर संख्या बल : राधाकृष्ण

हिन्दुस्तान, धनबाद
Follow us on Google News
share

राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि महागठबंधन के पास दो उम्मीदवारों को भेजने की संख्या है। भाजपा की दावेदारी का कोई आधार नहीं है। मंत्री ने भाषा विवाद और पार्टी अनुशासन पर भी बात की। ट्रेजरी से अवैध निकासी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

महागठबंधन के पास राज्यसभा की दोनों सीट जीतने भर संख्या बल : राधाकृष्ण

राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता सह वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शनिवार को कहा कि महागठबंधन के पास दो उम्मीदवारों को राज्यसभा भेजने लायक संख्या बल है। भाजपा की दावेदारी का कोई आधार नहीं है। धनबल के सहारे तोड़ने की मानसिकता के साथ भाजपा पूरे हिन्दुस्तान पर कब्जा करना चाहती है। यह बात मंत्री ने धनबाद सर्किट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में कही। वे जीएसटी पर अधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेने धनबाद आए थे। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि अकेले कांग्रेस को मत देखिए। महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं। राज्यसभा की दो सीट के लिए 28-28 वोट चाहिए। आंकड़े महागठबंधन के पक्ष में हैं। इसके बाद भी यदि भाजपा उम्मीदवार उतारने और जीतने की बात करती है तो निश्चित रूप से तोड़ने की बात कर रही है। मंत्री ने संकेत किया कि एक उम्मीदवार कांग्रेस से भी होंगे और जीतेंगे। कौन उम्मीदवार होगा, यह निर्णय पार्टी आलाकमान को करना है। मौके पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अशोक सिंह,युवा कांगेस के अध्यक्ष कुमार गौरव, योगेंद्र सिंह योगी सहित कांग्रेस के कई नेता कार्यकर्ता मौजूद थे।

झारखंड की हर भाषा का होगा सम्मान

भाषा विवाद पर मंत्री ने कहा कि झारखंड में रहनेवाले और बोली जाने वाली हर भाषा के सम्मान की रक्षा होगी। उन्होंने कहा कि इसे विवाद कहना उचित नहीं होगा, बल्कि यह एक चूक है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस विषय पर एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है। बिहार से सटे झारखंड के कई जिलों में भोजपुरी, मैथिली और अंगिका जैसी भाषाएं व्यापक रूप से बोली जाती हैं। इसलिए इन भाषाओं को भी नियमावली में उचित स्थान मिलना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से व्यक्तिगत विवाद नहीं

मंत्री ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से व्यक्तिगत विवाद नहीं है। पार्टी की नीतियों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कोई कांग्रेसी बोलता है तो वह अनुशासनहीनता है, लेकिन पार्टी की त्रुटियों के खिलाफ बोलना और लिखना अनुशासनहीनता नहीं है। त्रुटियों को सार्वजनिक नहीं भी करते हैं तो जनता-कार्यकर्ता जानती है। इसलिए मैंने जो भी किया वह अनुशासनहीनता नहीं है।

ट्रेजरी से अवैध और अधिक निकासी वालों पर कार्रवाई होगी

वित्त मंत्री ने कहा कि ट्रेजरी से अधिक और अवैध निकासी करनेवालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मामले को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। सीनियर आईएसएस अफसर के नेतृत्व में उच्चस्तरीय कमेटी मामले को देख रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि एक बात जान लें यह ट्रेजरी घोटाला नहीं है। यह वेतन घोटाला है। पुलिस या अन्य विभाग के कर्मियों के नाम पर निकासी हुई है। मृत कर्मियों या सेवानिवृत्त कर्मियों के नाम पर भी निकासी हुई है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि महागठबंधन के पास दो उम्मीदवारों को राज्यसभा भेजने लायक संख्या बल है और भाजपा की दावेदारी का कोई आधार नहीं है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।