संविधान बचाने के लिए कांग्रेस हर संघर्ष को तैयारः कमलेश
धनबाद में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो ने कहा कि भाजपा संविधान को बदलने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संघर्ष कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान...

धनबाद, विशेष संवाददाता केंद्र सरकार की मंशा ठीक नहीं है। बाबा साहेब के बनाए संविधान को बदलना चाहती है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इसी उद्देश्य के लिए 400 पार का नारा दिया था। भाजपा की मंशा को जनता ने जान लिया। यही कारण है कि भाजपा को खुद से पूर्ण बहुमत नहीं मिला। संविधान बचाने के लिए कांग्रेस हर संभव संघर्ष को तैयार है। राहुल गांधी की अगुवाई में केंद्र सरकार की मंशा के विरोध में लड़ाई लड़ी जा रही है। जनता भी हमारे साथ है। उक्त बातें सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहीं। वे कांग्रेस की ओर से आयोजित जिलास्तरीय संविधान बचाओ रैली को संबोधित कर रहे थे।
जिला परिषद के निरीक्षण भवन में आयोजित रैली की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने की। इसमें रैली के प्रदेश संयोजक प्रदीप बलमुचू, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, संगठन प्रभारी अशोक कुमार चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे तथा झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह मुख्य वक्ता थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के लगातार संघर्ष का ही परिणाम है कि केंद्र सरकार ने जाति जनगणना का निर्णय लिया है। इसके लिए हम राहुल गांधी का आभार जताते हैं। ऑपरेशन सिंदूर में सेना के शौर्य को हम सलाम करते हैं। हमारी मांग है कि निजी संस्थाओं में भी आरक्षण की व्यवस्था लागू की जाए। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को संविधान दिया। इसमें हर जाति, धर्म, समुदाय को अधिकार दिए गए हैं। इस संविधान को भाजपा बदलना चाहती है। कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस हर लड़ाई को तैयार है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए जो भी आंदोलन करना पड़ेगा, वह कांग्रेस करेगी। संविधान की मूल भावना के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। केंद्र की भाजपा सरकार अपना एजेंडा चलाना चाहती है। कांग्रेस का मानना है कि संविधान के आधार पर ही देश को चलाया जाना चाहिए। कांग्रेस के रहते ऐसा होना संभव नहीं है। धनबाद विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी अजय कुमार दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार ने मेहनतकश मजदूर और कामगारों के अधिकारों पर लगातार प्रहार कर रही है। मनरेगा योजना को भी कमजोर किया जा रहा है। श्रम कानून में बदलाव लाकर मजदूरों के हितों की उपेक्षा हो रही है। जनता के अधिकारियों का भी केंद्र सरकार हनन कर रही है। संविधान में दिए गए अधिकारों पर भी केंद्र सरकार चोट कर रही है। कांग्रेस इसका हर स्तर पर विरोध करेगी। जिला प्रभारी अशोक कुमार चौधरी ने कहा कि सेना पर टिप्पणी करना गलत है। मध्यप्रदेश के एक मंत्री के बयान से देश स्तब्ध है। इस वक्त हमें सेना पर गर्व करना चाहिए। विपक्ष के नेताओं ने भी केंद्र सरकार का साथ दिया था। संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। प्रदीप बलमुचू ने कहा कि सरकार सोची-समझी चाल से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। लोकतांत्रिक मूल्यों का भी हनन सरकार कर रही है। कांग्रेस इसके विरोध में आंदोलन कर रही है। देश भर में संविधान बचाओ रैली हो रही है। राज्य में धनबाद पहला जिला है, जहां जिलास्तरीय संविधान बचाओ रैली हो रही है। कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर रही है। चाहे बेरोजगारी हो या महंगाई, कांग्रेस हर मोर्चे पर भाजपा सरकार को घेरेगी और उन्हें सत्ता से बाहर करेगी। सरकार ने देश में विकास के नाम पर जुमलेबाजी की है। संतोष कुमार सिंह ने कहा कि आज देश के नागरिक के समक्ष अपने अधिकारों को सुरक्षित रखने की चुनौती है। देश के आम नागरिक आज असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। केंद्र की सरकार आम नागरिकों के अधिकार पर हमला कर रही है, जो भारत के संविधान में उन्हें दिया है। पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार संविधान के विपरीत काम कर रही है। यही कारण है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 25 अप्रैल से 30 मई तक देशभर में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया है। झारखंड में भी अब यह रैली जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक होगी। कार्यक्रम में ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, सुल्तान अहमद, अभिजीत राज, गजेंद्र सिंह, मदन महतो, रवींद्र वर्मा, शमशेर आलम, कुमार गौरव उर्फ सोनू, वैभव सिन्हा, मनोज यादव, शाहिदा कमर, सीता राणा, नवनीत नीरज, कुमार गौरव, राजू दास, जहीर अंसारी, आशिफ रजा मनोज यादव, आशीष सिन्हा, गोपाल चौधरी, मनोज कुमार हाड़ी, बीरेंद्र पासवान, पूर्णेंदु सिंह, कालीचरण यादव, पंकज मिश्रा, राजेश्वर सिंह, मंटू दास, यादव, संतोष चौधरी, संतोष राय, देवेन्द्र कुमार, राजेश राम, गुड्डू खान, पप्पू कुमार पासवान, मृत्युंजय सिंह, गंगा बाल्मीकि, देवेन्द्र पासवान, योगेश रजक, बबलू दास, श्याम कुमार साव, इम्तियाज अली, प्रमोद यादव, शशिनाथ भूषण तिवारी, जियाउल हुसैन, शहाबुद्दीन अंसारी, असद कलीम, माला झा, राम दुलारी देवी, दुर्गा दास, डीएन यादव, मधुसूदन सिंह चौधरी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।