महुदा में सरस्वती पूजा मेला को लेकर दो पक्षों में झड़प, पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया

Jan 25, 2026 02:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

महुदा बाजार में ब्रह्मबाबा मंदिर परिसर में सरस्वती पूजा के मेले के दौरान पदुगोड़ा गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद मंदिर संचालन और मेले के वर्चस्व को लेकर था। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में दोनों पक्षों ने मिलकर मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का आश्वासन दिया।

महुदा में सरस्वती पूजा मेला को लेकर दो पक्षों में झड़प, पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया

महुदा, प्रतिनिधि। महुदा बाजार स्थित ब्रह्मबाबा मंदिर परिसर में सरस्वती पूजा के दूसरे दिन शनिवार को लगने वाले मेले को लेकर पदुगोड़ा गांव के दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना की सूचना पर महुदा पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाना लाया। बताया जाता है कि ब्रह्मबाबा मंदिर और मेला संचालन में वर्चस्व को लेकर गांव की दो कमेटियों के बीच विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर परिसर पदुगोड़ा गांव का ग्राम स्थल है, जहां मेला पूरे गांव की समिति द्वारा वर्षों से आयोजित किया जाता रहा है।

इसी बीच गांव के एक व्यक्ति द्वारा गुपचुप तरीके से कुछ लोगों के हस्ताक्षर लेकर ट्रस्ट का गठन कर लिया गया और वर्षों से मेला व मंदिर से जुड़ी राशि की उगाही अकेले ही की जा रही थी, जिसका कोई हिसाब गांव को नहीं दिया गया। इसी के विरोध में इस वर्ष ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से “सोलह आना समिति” का गठन किया। समिति के अध्यक्ष मुकुंद महतो ने बताया कि मेले के दौरान मंच पर एक कुर्सी छूने को लेकर रामा महतो एवं उसके साथियों ने विवाद शुरू किया, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इसमें समिति के दो-तीन सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद नई समिति के दो सदस्यों को हिरासत में लिए जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाना पहुंच गए। स्थिति और मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को 26 जनवरी के बाद पंचायत के मुखिया महेश पटवारी एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में थाना में बुलाकर विवाद के समाधान का निर्णय लिया। थाना में मुखिया महेश पटवारी की मौजूदगी में दोनों पक्षों से मेला को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की गई। दोनों पक्षों ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद नहीं किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों लोगों को छोड़ दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;