
धनसार में हाइवा से कोयला चोरी के लिए दो गुटों में भिड़ंत
धनबाद में धनसार इलाके में हाइवा से कोयला चोरी के लिए दो गुटों में मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगाया। स्थानीय पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया। कोयला चोर अलग-अलग गुट बनाकर हाइवा से कोयला चुराते हैं, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता धनसार में हाइवा से कोयला चोरी करने के लिए दो गुटों में सोमवार को जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप लगाया। पुराना सीएचपी धनसार, धनसार चानक और काली बस्ती के समीप कोयला चोर अलग-अलग गुट बनाकर हाइवा से कोयला टापाते हैं। इसी बात को लेकर गुटों में विवाद चल रहा है। घटनास्थल पहुंची धनसार पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया। बताया जा रहा है कि विश्वकर्मा प्रोजेक्ट से हाइवा में लोड कर कोयला बीएनआर साइडिंग और कुसुंडा साइडिंग भेजा जाता है। पुराना सीएचपी धनसार, धनसार चानक और काली बस्ती के समीप कोयला चोर हाइवा रोक कर कोयला उतारते हैं।

दर्जनों की संख्या में कोयला चोर जबरन हाइवा पर चढ़ कर कोयला उतारते हैं। धनसार में स्टीम कोयला उतर जाने के कारण कोयला काली बस्ती तक नहीं पहुंच पाता, इसी बात को लेकर सोमवार को धनसार कोलियरी के बंद चानक के समीप दो गुट भिड़ गए। एक पक्ष ने काली बस्ती कुसुंडा से आए युवकों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया। आरोप है कि फायरिंग कर लड़के वहां अपने गुट का वर्चस्व कायम करना चाहते हैं। --- आरोप- तीन बाइक पर आए थे तीन लड़के लोगों ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाले नौ युवक तीन बाइक पर सवार होकर आए थे। दो युवक गोली चला रहे थे और बाकी लड़के दबदबा कायम करने के लिए लोगों को डरा रहे थे। स्थानीय लोगों ने धनसार थाना पहुंच गोली चलाने वाले लोगों के खिलाफ मामले की शिकायत की। बताया कि तीन दिन पूर्व भी धनसार पंखा घर काली बस्ती के पास कुछ लोगों ने चार हाइवा का शीशा तोड़ दिया था। धनसार थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन पर ठोस कार्रवाई होगी। किसी भी गुट ने फायरिंग नहीं की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




