वेस्ट मोदीडीह कोलियरी में धुआं और गैस निकलने से दहशत
बीसीसीएल कतरास क्षेत्र की वेस्ट मोदीडीह कोलियरी में शनिवार को अचानक काला धुआं और गैस निकलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पुनर्वास की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस की कोशिशों के बाद जाम हटाया गया, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

बीसीसीएल कतरास क्षेत्र की वेस्ट मोदीडीह एकीकृत केशलपुर कोलियरी स्थित आउटसोर्सिंग पैच में शनिवार दोपहर अचानक काला धुआं और गैस निकलने से हड़कंप मच गया। इससे पांडेडीह छह नंबर बस्ती, बिहार धौड़ा और गुलगुलिया धौड़ा के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुनर्वास की मांग को लेकर सिजुआ-राजगंज रोड पर पत्थर रखकर जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीण इस बात पर अड़े थे कि गैस के रिसाव से उनका जीना मुहाल हो गया है और कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी क्षेत्र में गोफ और दरार की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने सुरक्षित पुनर्वास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग एक माह पूर्व भी पांडेडीह छह नंबर के पास से जहरीली गैस और धुआं निकला था। इसकी जानकारी कोलियरी और क्षेत्रीय प्रबंधन को बार-बार दी गई, लेकिन समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक स्थायी समाधान और सुरक्षित पुनर्वास नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। तेतुलमारी थाना पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। इधर, प्रबंधन ने धुआं रोकने के लिए प्रभावित स्थल पर डस्टिंग और अन्य उपाय शुरू कर दिए हैं। कतरास क्षेत्र के सेफ्टी मैनेजर संजय चौधरी ने बताया कि यह अग्नि प्रभावित परियोजना है, जिस कारण धुआं निकल रहा है। स्थिति पर काबू पाने का प्रयास जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ ग्रामीणों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित किया जा चुका है और शेष बचे लोगों को भी जल्द ही दूसरी जगह बसाया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक धुआं निकलने में कमी आई थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



