Dhanbad News: सीआईएसएफ जवान की हत्या में विशुनपुर का ड्राइवर गिरफ्तार
Dhanbad News: धनबाद में तैनात सीआईएसएफ जवान परमवीर यादव की हत्या के मामले में गोरखपुर पुलिस ने कैब चालक सुनील यादव को गिरफ्तार किया है। परमवीर चार अक्तूबर को छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। किराये के 14 हजार रुपये को लेकर रास्ते में विवाद हुआ था। उनका शव छह अक्तूबर को बोक्टा-बरवार बांध किनारे मिला। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर जांच की।

Dhanbad News: धनबाद से छुट्टी लेकर गोरखपुर बाघागाड़ा स्थित घर लौट रहे सीआईएसएफ के जवान परमवीर यादव की हत्या के मामले में गोरखपुर पुलिस ने न्यू विशुनपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास रहनेवाले कैब चालक सुनील यादव को गिरफ्तार किया है। सीआईएसएफ जवान धनबाद में पदस्थापित थे। वहीं सुनील यादव मूलरूप से यूपी के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव का रहनेवाला है। चार अक्तूबर को परमवीर छुट्टी लेकर धनबाद से अपने घर बाघागाड़ा जा रहा था। उसने न्यू विशुनपुर के सुनील यादव से घर जाने के लिए कैब की बुकिंग की थी। कार का किराया 14 हजार रुपये में तय हुआ था। इसमें से 7,800 रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि शेष रकम घर पहुंचने पर देनी थी। रास्ते में गीडा थाना क्षेत्र के बोक्टा के पास किराये के रुपये को लेकर जवान और चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने परमवीर को कार से धक्का देकर गिरा दिया और पास में पड़ी ईंट से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
किराये के विवाद में जवान की हत्या का आरोप
---
गोरखपुर में बांध किनारे मिला था जवान का शव
परमवीर का शव छह अक्तूबर को कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध किनारे मिला था। उनकी जेब में मिले सीआईएसएफ के पहचानपत्र से शिनाख्त हुई थी। वह बाघागाड़ा निवासी दिनेश चंद्र यादव के पुत्र थे। पत्नी प्रतिमा यादव ने हत्या की आशंका जताते हुए गीडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर छानबीन की। कैब चालक सुनील कुमार यादव की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे धनबाद से गिरफ्तार कर लिया।
जांच के बाद कैब चालक गिरफ्तार
जांच के दौरान कैब चालक की भूमिका सामने आने के बाद गीडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही रही है।
-राजेश गुनावत, एसपी नॉर्थ, गोरखपुर


