जनगणना की तैयारी तेज, फील्ड ट्रेनर्स को मिला प्रशिक्षण

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share

धनबाद में जनगणना की तैयारी तेज हो गई है। झारखंड में मई से जनगणना शुरू होगी। इसके लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बीबीएमकेयू में शुरू हुआ। जिला जनगणना पदाधिकारी ने सभी को प्रशिक्षण में नियमित रूप से उपस्थित रहने और जनगणना में एक भी व्यक्ति को छूटने नहीं देने का अनुरोध किया।

जनगणना की तैयारी तेज, फील्ड ट्रेनर्स को मिला प्रशिक्षण

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। धनबाद में जनगणना की तैयारी तेज हो गई है। झारखंड में मई से जनगणना की शुरुआत होगी। इसके लिए विवि में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने बुधवार को बीबीएमकेयू का भ्रमण किया। फील्ड ट्रेनर्स को सभी ट्रेनिंग मॉड्यूल्स को आत्मसात करने और अच्छे से प्रशिक्षण लेने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि जनगणना से संबंधित किसी के मन में कोई संशय है तो वे प्रशिक्षक से पूछ कर उसका निराकरण करें। उन्होंने सभी को नियमित रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहने और नियमों के अनुसार गणना करने का अनुरोध किया।

जनगणना में एक भी व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। बताया कि फील्ड ट्रेनर्स को तीन बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहला बैच आठ से 10 अप्रैल, दूसरा 11 से 13 अप्रैल और तीसरा बैच 15 से 17 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में संवैधानिक महत्व, जनगणना के परिप्रेक्ष्य में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) की अवधारणा, पर्यवेक्षक व प्रगणक के कार्य एवं दायित्व के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही एचएलओ ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करने की प्रक्रिया व डिजिटल जनगणना के तरीकों के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में पूर्वी टुंडी, केलियासोल, बलियापुर, चिरकुंडा नगर परिषद, निरसा, एग्यारकुंड आदि के चार्ज जनगणना पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि राज्य स्तरीय प्रशिक्षक पुष्कर चंद्र झा और बीरेंद्र गुप्ता ने प्रशिक्षण दिया। मौके पर जिला जनगणना कोषांग के वरीय पदाधिकारी उमेश लोहरा, राजीव कुमार, कुलदीप, नीरज कुमार प्रसाद व घनश्याम दुबे उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।