
जाति और धर्म आधारित राजनीति के खिलाफ संघर्ष जरूरी : वृंदा करात
धनबाद में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वृंदा करात ने जाति और धर्म आधारित राजनीति की निंदा की। उन्होंने कहा कि इसे रोकने के लिए संघर्ष आवश्यक है। उन्होंने संतोष कुमार घोष को परिवर्तन का योद्धा...
धनबाद, प्रमुख संवाददाता भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व सांसद वृंदा करात ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि हर तरफ जाति और धर्म आधारित घृणित राजनीति हो रही है। इसे रोकना होगा और इसके लिए संघर्ष जरूरी है। वृंदा करात शुक्रवार को हीरापुर अग्रसेन भवन में पार्टी के दिवंगत पूर्व जिला सचिव संतोष कुमार घोष की श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रही थीं। सभा की अध्यक्षता शिव बालक पासवान और संचालन सपन माजी कर रहे थे। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत स्व. घोष की पत्नी मणिका घोष ने उनके चित्र पर माल्यार्पण से की। वृंदा करात ने संतोष कुमार घोष को परिवर्तन का योद्धा बताया।
कहा कि उन्होंने जीवनभर वर्गीय संघर्ष और समाज में समानता की स्थापना के लिए कार्य किया। कभी भी वर्गीय दृष्टिकोण से समझौता नहीं किया और हमेशा पार्टी संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। घोष दा हमारे बीच अपने विचारों और संघर्ष के जरिए हमेशा जीवित रहेंगे। मौके पर पार्टी के झारखंड राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने संतोष घोष को जनसंघर्ष की प्रेरणा बताते हुए कहा कि पार्टी के विस्तार और जनता के सवालों पर आंदोलन करना उनके जीवन का मूल उद्देश्य था। किसान सभा के सुरजीत सिन्हा ने कहा कि घोष दा ने वामदलों के बीच एक साझा आंदोलनात्मक मंच तैयार किया था। सभा को गोपीकांत बक्सी, सुजीत भट्टाचार्य, सीटू राज्य महासचिव विश्वजीत देब, एसयूसीआई के अनिल बाउरी, माले नेता हरि प्रसाद पप्पू, फारवर्ड ब्लॉक के गणेश दीवान वर्मा, सीटू जिला अध्यक्ष आनंदमय पाल, संजय पासवान, अमल पांडेय आदि ने भी संबोधित किया। सभा में डॉ सुनील, डॉ मृणाल, सुंदरलाल महतो, मानस चटर्जी, माया लायक, गौतम प्रसाद, कार्तिक घोष, नीरज पासवान, राजीव बोस आदि मौजूद थे। सड़क हादसे में बाल-बाल बचीं वृंदा करात धनबाद आने के दौरान बोकारो के चास में वृंदा करात की कार में ट्रक में धक्का मार दिया। हादसे में उनके सिर में हल्की चोट आई है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट है। धनबाद में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही पहले डॉ सुनील ने उनकी जांच की। इसके बाद वे श्रद्धांजलि सभा में पहुंची। करात की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




