Dhanbad News: भौंरा में एक ही रात में 7 जगहों पर चोरों का धावा
Dhanbad News: भौंरा ओपी क्षेत्र में चोरों ने रात के समय चार घरों से लाखों रुपए की संपत्ति चोरी की। घटना से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पीड़ितों ने ओपी में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Dhanbad News: भौंरा ओपी क्षेत्र में सोमवार की रात चोरों ने विभिन्न मोहल्लों में जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक साथ चार घरों से मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल सहित लाखों रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। इसके अलावा चोरों ने दो बाइकों और एक मकान में चोरी का प्रयास किया। घटना से पूरे क्षेत्र में भारी दहशत और भय का माहौल है। लोग अपनी जान-माल को लेकर फिक्रमंद हैं। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए ओपी लाई है।
चोरी की जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने भौंरा 6 नंबर निवासी मुन्ना लाल यादव के आंगन में खड़ी पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने पास में रहने वाले अनिल रवानी के घर से 15 से 20 हजार रुपए नकद व एक मोबाइल उड़ाया। वहीं, भौंरा अस्पताल मोड़ निवासी उमेश महतो के घर से दो मोबाइल, दो हजार नकद, एटीएम कार्ड व जरूरी कागजात और गांधीनगर निवासी विनोद रवानी के घर से एक मोबाइल की चोरी कर ली।
अन्य प्रयास
चोरों ने भौंरा बाजार निवासी रमाकांत रवानी और मनीष पांडेय की मोटरसाइकिल भी चुराने का प्रयास किया। लेकिन बाइक चालू नहीं होने से वे उसे नहीं ले जा सके। इसके अलावा भौंरा बाजार के ही निवासी विशाल साहू के घर में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना को लेकर पीड़ितों ने भौंरा ओपी में लिखित शिकायत दी है। इस संबंध में प्रभारी सौरभ सुमन ने कहा कि चोरी की लिखित शिकायत मिली है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर गहन छानबीन कर रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


