Dhanbad News: स्थानीय लोगों के विरोध के बीच सदर अस्पताल परिसर की घेराबंदी शुरू
Dhanbad News: सदर अस्पताल परिसर की घेराबंदी का कार्य शुक्रवार को लोगों के विरोध के बीच शुरू हुआ। प्रशासन ने रणधीर वर्मा चौक से डॉक्टर कॉलोनी तक बाउंड्रीवॉल बनाने का निर्णय लिया। स्थानीय लोग करीब 50 वर्षों से यहाँ रह रहे हैं और बिना पुनर्वास के बेघर होने का आरोप लगा रहे हैं। विधायक ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।

Dhanbad News: सदर अस्पताल परिसर की घेराबंदी का कार्य शुक्रवार को स्थानीय लोगों के विरोध के बीच शुरू कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पताल के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना के तहत प्रशासन ने रणधीर वर्मा चौक की ओर से डॉक्टर कॉलोनी तक बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू कराया। इस दौरान धनबाद अंचलाधिकारी (सीओ) रामप्रवेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। घेराबंदी शुरू होते ही सड़क किनारे सदर अस्पताल की जमीन पर वर्षों से रह रहे लोगों ने विरोध जताया। लोगों का कहना था कि उनका परिवार पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से यहां रह रहा है। उनका आरोप था कि बिना समुचित पुनर्वास और समाधान के प्रशासन उन्हें बेघर करने का प्रयास कर रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोकने की मांग की। हालांकि विरोध के बावजूद प्रशासन ने घेराबंदी का काम जारी रखा。
सीओ का बयान
सीओ रामप्रवेश कुमार ने कहा कि संबंधित भूमि खाता संख्या 136 की सरकारी जमीन है। इस जमीन पर रहनेवाले लोगों को अपने स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति वैध कागजात प्रस्तुत करता है तो उसके मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध दस्तावेज के सरकारी भूमि पर कब्जा स्वीकार नहीं किया जा सकता।
विधायक से गुहार
इधर प्रभावित लोगों ने अपनी समस्या को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा से मुलाकात की और घर बचाने की गुहार लगाई। लोगों के आग्रह पर विधायक ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) से बातचीत कर मामले की जांच कराने का अनुरोध किया। विधायक राज सिन्हा ने बताया कि एसडीओ ने आश्वासन दिया है कि सभी प्रभावित परिवारों को अपने भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति वैध कागजात उपलब्ध कराता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के उपाय
बाउंड्रीवॉल के साथ डॉक्टर कॉलोनी की ओर जानेवाले मार्ग पर एक गेट भी लगाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य अस्पताल परिसर को सुरक्षित बनाना और अवांछित लोगों की आवाजाही पर रोक लगाना है ताकि कैंपस में बनने वाले मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।


