झारखंड आंदोलन बेचने वाले सत्ता में हैं : आदित्य साहू
धनबाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने समारोह में झारखंड की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को बेचा गया है और भाजपा कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। सांसद ढुलू महतो ने गुटबाजी की समस्या पर ध्यान दिलाया और एकजुटता की अपील की।
धनबाद, विशेष संवाददाता धनबाद टाउन हॉल में रविवार को आयोजित अभिनंदन समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जिस झारखंड का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी ने किया, वह आज बदहाल है। झारखंड आंदोलन को बेचने वाले सत्ता में हैं। यह समय सम्मान का नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता संघर्ष के लिए तैयार रहें। व्यापारी का घर से अपहरण हो जा रहा है। बच्चे गायब कर दिए जा रहे हैं। कांग्रेस-झामुमो का जो स्वाभाव है, उससे झारखंड की स्थिति भयावह है। मधुपुर में काली मंदिर निर्माण को लेकर जो घटना घटी, उसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साहू ने कहा कि अभी-अभी भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। दोनों कार्यकर्ता हैं। इसलिए भाजपा में कब किस कार्यकर्ता को उठाकर कहां ले जाया जाएगा, वह सोच नहीं सकता। यही पार्टी की विशेषता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वयं कहा है कि जब उन्हें सूचना मिली कि संगठन में दायित्व दिया जाएगा तो उन्होंने सोचा शायद बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा। जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की बात हुई तो उन्हें आश्चर्य हुआ। नितिन नवीन उस पद तक अपने काम के बल पहुंचे। इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं। पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि धनबाद में भाजपा मजबूत है तो यह दो-चार वर्ष की बात नहीं है। कभी पांच विधायक जीते। फिर उसी सोच के साथ आगे बढ़ें। विधायक के लिए अभी समय है, फिलहाल धनबाद में भाजपा अपना मेयर बनाए। धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि आदित्य साहू के साथ वे भी जिलाध्यक्ष के रूप में काम किए हैं। आज आदित्य साहू प्रदेश अध्यक्ष बने लेकिन स्वभाव में कोई परिवर्तन नहीं। जैसे सोना 24 कैरेट का खरा होता है, आदित्य साहू भी 24 कैरेट खरा वाला कार्यकर्ता हैं। भाजपा के लिए धनबाद जैसी उर्वर भूमि में पार्टी और मजबूत होगी। विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व से भाजपा में नया जोश और उमंग का संचार हुआ है। कार्यकर्ता इसी जज्बे के साथ आगे बढ़ें और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाएं। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि आदित्य साहू बूथ स्तर से उपर उठकर प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में झारखंड में भाजपा का मजबूत करेंगे और सरकार बनाएंगे। कार्यक्रम को शेखर अग्रवाल, सरोज सिंह, सत्येंद्र कुमार, संजीव अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, रूपेश सिन्हा सहित कई ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्रवण राय एवं संचालन मानस प्रसून ने किया। गुट में नहीं बंटें, निगरानी कमेटी बनाएं अध्यक्ष जी: ढुलू महतो स्वागत समारोह में धनबाद सांसद ढुलू महतो तल्ख दिखे। मंच से उन्होंने कहा कि धनबाद भाजपा में गुटबाजी है। ऐसा नहीं होना चाहिए। गुटबाजी से संगठन कमजोर होता है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से सांसद ने अपील की कि निगरानी कमेटी बनाकर धनबाद में मतभेद और मनभेद को दूर करें। एकजुट होकर धनबाद भाजपा लड़ेगी तो सभी छह विधानसभा सीट जीत सकते हैं। झारखंड में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बन सकती है। वैसे लोगों को धनबाद मत भेजिए, जिनको कोई जानता-पहचानता नहीं। सांसद ने कहा कि धनबाद में लाल और हरा झंडा के आतंक से लोग डरते थे। भाजपा ने उस आतंक को खत्म किया। ऐसी पार्टी से किसी को गद्दारी नहीं करनी चाहिए। सांसद के संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी चर्चा शुरू हो गई। प्रधानमंत्री ने शिबू सोरेन को पद्म भूषण देकर झारखंड का मान बढ़ाया गोविंदपुर/टुंडी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शिबू सोरेन को पद्म भूषण दिए जाने पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दलगत राजनीति से हटकर मरणोपरांत पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड के पुत्र शिबू सोरेन को पद्म भूषण का सम्मान दिया। यह पूरे झारखंड वासियों का सम्मान है। उक्त बातें उन्होंने गोविंदपुर में कही। धनबाद आने के दौरान कुछ देर गोविंदपुर में रुके, जहां कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शंभूनाथ अग्रवाल के घर भी गए एवं उनकी माता गीता देवी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उस पर वह सभी के सहयोग से खरा उतरने की कोशिश करेंगे। पूरे राज्य में संगठन को तेवरदार बनाया जाएगा। वे रविवार को गोविंदपुर सुभाष चौक पर अपने अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। धनबाद ग्रामीण जिला की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। मौके पर जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, तारा देवी, धर्मजीत सिंह, बलराम साव, दिनेश मंडल, मनीष साव, अमरदीप सिंह, ओमप्रकाश बजाज, बमबम साव, शकुंतला मिश्रा, सुमिता दास, सुजीत चौधरी, तालेश्वर साव, पिंकू साव, गोविंद राय, इंद्रजीत मंडल, अनिल कुमार, अमरेश सिंह, अमन मंडल, किरिटी भूषण रूज, प्रशांत मंडल,रतिरंजन गिरि आदि मौजुद थे। शंभूनाथ अग्रवाल के आवास भी पहुंचे और उनकी माता गीता देवी के निधन पर संवेदना प्रकट की। नंदलाल अग्रवाल एवं बलराम अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। इधर पूर्वी टुंडी के पालोबेड़ा में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का भाजपाइयों ने स्वागत किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




