बीआईटी सिंदरी के छात्रों ने डीआरडीओ की प्रतियोगिता में जीता पांच लाख का इनाम
बीआईटी सिंदरी के छात्रों ने 'डेयर टू ड्रीम 5.0' प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने एक आपातकालीन संचार प्रणाली विकसित की है, जो बिना इंटरनेट के काम करती है। टीम को 5 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। इस प्रोजेक्ट को डीआरडीओ द्वारा आगे बढ़ाने के लिए पेशेवर मार्गदर्शन मिलेगा।

सिंदरी। बीआईटी सिंदरी के होनहार छात्रों ने देश स्तर पर संस्थान और राज्य का मान बढ़ाया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 'डेयर टू ड्रीम 5.0' राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यहां के तृतीय वर्ष के छात्रों की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया है। इस बड़ी सफलता के लिए टीम को 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। देशभर की 850 से अधिक टीमों को पछाड़कर यह मुकाम हासिल करने वाली इस टीम में कंप्यूटर साइंस के रौशन राज व रितिका कुमारी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के आदित्य राज और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ऋषिता राज शामिल हैं।
इन छात्रों ने आपदा की स्थितियों के लिए एक अत्याधुनिक आपातकालीन संचार प्रणाली तैयार की है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट या किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर निर्भर रहे, पीड़ितों और राहत एजेंसियों के बीच सुरक्षित संपर्क स्थापित कर सकती है। अक्सर बड़े हादसों या आपदाओं के समय मोबाइल नेटवर्क ठप हो जाते हैं, ऐसी स्थिति में यह तकनीक जीवनरक्षक साबित होगी। इसमें सूचनाओं की जांच के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया गया है ताकि बचाव कार्य सही दिशा में हो सके।संस्थान के निदेशक प्रोफेसर पंकज राय और डीन प्रोफेसर प्रकाश कुमार ने छात्रों को बधाई देते हुए इसे नवाचार की बड़ी जीत बताया है। खास बात यह है कि डीआरडीओ अब इस प्रोजेक्ट को असल जमीन पर उतारने के लिए छात्रों को पेशेवर मार्गदर्शन भी देगा, ताकि भविष्य में इस तकनीक का इस्तेमाल आपदा प्रबंधन में किया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


