टोटो और बाइक की टक्कर में चार घायल
झरिया-केंदुआ मुख्य मार्ग पर गोपालीचक के पास मंगलवार शाम एक अनियंत्रित बाइक और टोटो के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर में चार यात्री घायल हुए। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया। बाइक सवार को भी चोटें आईं, लेकिन कोई बड़ी अनहोनी टल गई।

झरिया-केंदुआ मुख्य मार्ग स्थित गोपालीचक के समीप मंगलवार की शाम एक अनियंत्रित बाइक और टोटो के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बीच सड़क पर ही पलट गया। इससे उसमें सवार चार यात्री घायल हो गए। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केंदुआ की ओर से एक बाइक काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा (झरिया) से सवारियों से लदा एक टोटो केंदुआ की ओर जा रहा था। गोपाली चौक के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही टोटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन बीच सड़क पर पलट गया।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टोटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए झरिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। हादसे में बाइक सवार को भी चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि जिस वक्त टोटो पलटा, पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से बाइक सवार और टोटो चालक के बीच समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।


