पद्म पुरस्कार की दौड़ में धनबाद के पशुपालक बीरबल मंडल
धनबाद के पशुपालक बीरबल मंडल को पद्म पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। उन्होंने झारखंड में पोल्ट्री उद्योग में क्रांति लाते हुए 300 से अधिक पोल्ट्री उद्योग शुरू किए हैं। उनके पोल्ट्री प्लांट से...

धनबाद, गंगेश गुंजन देश के प्रतिष्ठित पुरस्कारों में शामिल पद्म पुरस्कार के लिए धनबाद के पशुपालक बीरबल मंडल के नाम की अनुशंसा जिला पशुपालन विभाग की पहल पर जिला प्रशासन ने की है। केंद्र सरकार ने सभी जिलों से अलग-अलग क्षेत्र में बेहतर काम करनेवालों के नाम पद्म पुरस्कार के लिए मांगे थे। धनबाद से एकमात्र नाम कतरास के काको निवासी पशुपालक बीरबल मंडल का भेजा गया है। 26 जनवरी को पुरस्कार के लिए चयनित लोगों के नाम दिल्ली में घोषित किए जाएंगे।
पोल्ट्री उद्योग के क्षेत्र में झारखंड में क्रांति लाने वाले बीरबल ने इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। जिला पशुपालन विभाग ने इनके नाम की अनुशंसा जिला प्रशासन से की। जिला प्रशासन की एक टीम ने इनके पोल्ट्री प्लांट का निरीक्षण करने के बाद इस पुरस्कार के लिए केंद्र सरकार के पास नाम भेज दिया। 1996 से पोल्ट्री व्यवसाय में उतरे बीरबल ने अपनी मेहनत के दम पर आज झारखंड का सबसे बड़ा पोल्ट्री प्लांट का निर्माण कर लिया। मात्र 100 मुर्गियों से अपने फार्म की शुरुआत करनेवाले बीरबल के प्लांट से प्रतिदिन 1.5 लाख अंडे का उत्पादन होता है। उनके प्लांट में 400 लोग काम करते हैं।
---------
झारखंड में 300 से अधिक पोल्ट्री में अंडा उत्पादन शुरू कराया
बीरबल ने झारखंड में आसपास के जिलों में 300 से अधिक पोल्ट्री उद्योग शुरू कराया। आज झारखंड अपने दम पर अंडे का उत्पादन करता है। बंगाल और आंध्र प्रदेश पर अंडे की निर्भरता खत्म हो गई है। बीरबल ने एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इतने प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए जिला प्रशासन ने मेरा चयन किया, यह मेरे लिए गर्व की बात है।
------------
क्या है पद्म पुरस्कार
पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं। ये पुरस्कार, विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, समाज सेवा, लोक-कार्य, विज्ञान, इंजीनियरिंग, व्यापार, उद्योग, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेलकूद, सिविल सेवा आदि में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किये जाते हैं तथा सामान्यतः मार्च-अप्रैल माह में राष्ट्रपति भवन में आयोजित किए जाने वाले सम्मान समारोह में राष्ट्रपति प्रदान करते हैं।
झारखंड जैसे प्रदेश में अंडा उत्पादन का इतना बड़ा प्लांट बनाकर बीरबल मंडल ने मिसाल कायम की है। उनकी मेहनत को देखते हुए विभाग ने उनके नाम की अनुशंसा पद्म पुरस्कार के लिए की है।
- डॉ. आलोक कुमार सिन्हा, जिला पशुपालन पदाधिकारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।