Dhanbad News: पांच साल से सड़क की मरम्मत नहीं, अब चंदे से गड्ढे भर रही पूजा समिति
Dhanbad News: भुईंफोड़ सरायढेला की वनस्थली कॉलोनी के निवासियों ने नगर निगम की उदासीनता के बाद चंदा जुटाकर सड़क की मरम्मत कराने का फैसला किया है। दुर्गापूजा समिति के अनुसार, वर्ष 2023 से सड़क निर्माण के लिए आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। पांच वर्षों से बदहाल सड़क पर गड्ढे हैं, बारिश में पानी भरता है और पूजा के दौरान दुर्घटना की आशंका रहती है।

चंदा जुटाकर सड़क की मरम्मत
Dhanbad News: नगर निगम की उदासीनता से परेशान भुईंफोड़ सरायढेला स्थित वनस्थली कॉलोनी के लोगों ने अब खुद सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। दुर्गापूजा समिति की ओर से चंदा जुटाया गया है। इसी राशि से सड़क की मरम्मत कराई जा रही है ताकि दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
नगर निगम में आवेदन के बाद भी काम शुरू नहीं
दुर्गापूजा समिति के सचिव शुभेंदु कुमार बर्णवाल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2023 से लगातार नगर निगम में आवेदन दिया जा रहा है। नगर आयुक्त की ओर से जल्द सड़क बनवाने का आश्वासन भी मिलता रहा है, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद संबंधित विभाग सक्रिय नहीं हुआ। ऐसे में दुर्गापूजा नजदीक आने पर समिति को चंदा जुटाकर सड़क की मरम्मत कराने का फैसला लेना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली से रोजाना आने-जाने वालों को परेशानी होती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब हो जाती है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। कहा कि जब सड़क निर्माण की जिम्मेदारी नगर निगम की है, तो आखिर कब तक नागरिकों को अपने पैसे से बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करानी पड़ेंगी। समिति ने फिलहाल पूजा से पहले मरम्मत कराने की पहल की है, लेकिन स्थायी सड़क निर्माण की मांग अब भी बरकरार है।

