बाघमारा में बीसीसीएल के दो जीएम पर कोयला तस्करों का हमला, बंधक बनाने की कोशिश

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share

बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में महाप्रबंधक (सिक्यूरिटी) मो. हफीजुल कुरैशी और जीएम रंजीव कुमार पर कोयला तस्करों ने हमला किया। अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की गई। सीआईएसएफ ने हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाघमारा में बीसीसीएल के दो जीएम पर कोयला तस्करों का हमला, बंधक बनाने की कोशिश

बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे महाप्रबंधक (सिक्यूरिटी) मो. हफीजुल कुरैशी और ब्लॉक-दो के जीएम रंजीव कुमार को कोयला तस्करों ने बंधक बनाने की कोशिश की। दोनों अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। धक्का-मुक्की भी की गई है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर वाहन में बैठाया और क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचाया। मुख्यालय से सुरक्षा जांच के लिए पहुंचे जीएम (सिक्यूरिटी) मो. हफीजुल कुरैशी ब्लॉक-दो माइंस के व्यू प्वाइंट पर लगे क्षतिग्रस्त कैमरों की एरिया जीएम के साथ जांच कर रहे थे।

इसी दौरान बाइक पर सवार 20-25 की संख्या में पहुंचे कोयला तस्करों ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख सीआईएसएफ जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों अधिकारियों को वाहन में बैठाकर वहां से निकालना चाहा। लूतीपहाड़ी चौक के आगे हमलावरों ने फिर से वाहन को रोक लिया और जबरन केशरगढ़ बस्ती की ओर ले जाने की कोशिश करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान ब्लॉक-दो जीएम रंजीव कुमार किसी तरह भीड़ से निकलकर दौड़ते हुए बाघमारा थाना पहुंच गए और अपनी जान बचाई। हमलावरों ने उनके वाहन चालक कृष्णा राणा के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया तथा वाहन की चाबी भी छीन ली।वहीं जीएम (सिक्यूरिटी) मो. हफीजुल कुरैशी को जबरन दूसरे वाहन में बैठाकर ले जाने की कोशिश की गई। उन्होंने तत्काल बाघमारा डीएसपी को मोबाइल से घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों को सुरक्षित ब्लॉक-दो क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचाया। जीएम (सिक्यूरिटी) मो. हफीजुल कुरैशी ने बताया कि वे क्षतिग्रस्त कैमरों की जांच करने पहुंचे थे, तभी कुछ अज्ञात लोग बाइक से आकर बदसलूकी करने लगे। उन्होंने आशंका जताई कि हमलावर अवैध कोयला तस्करी से जुड़े लोग हो सकते हैं, क्योंकि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और अवैध खनन रोकने को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।जीएम की शिकायत पर केस दर्जमहाप्रबंधक (सिक्योरिटी) हफीजुल कुरैशी की शिकायत के आधार पर बाघमारा पुलिस ने अज्ञात के लिए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।