
पारदर्शिता और प्रदर्शन के मोर्चे पर बीसीसीएल को खरा उतरने की चुनौती
धनबाद में बीसीसीएल, कोल इंडिया की पहली अनुषंगी कंपनी, आईपीओ लांच करने जा रही है। इससे कंपनी को 100 प्रतिशत पारदर्शिता और सेबी की गाइडलाइनों का पालन करना होगा। आईपीओ के तहत 10 फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश किया जा रहा है, जिससे कंपनी को पूंजी जुटाने और विकास के अवसर मिलेंगे।
धनबाद, मुकेश सिंह कोल इंडिया की कोकिंग कोल बहुल इकलौती अनुषंगी कंपनी का आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम) लांच होने जा रहा है। सूचीबद्ध होने के बाद बीसीसीएल को पारदर्शिता और प्रदर्शन के मोर्चे पर खरा उतरना होगा। अब तक बीसीसीएल कोल इंडिया के मातहत संचालित है। सूचीबद्ध होने के बाद बीसीसीएल को सेबी की गाइडलाइन का अनुपालन करना होगा। इसमें पहली शर्त है कि कुछ भी गोपनीय नहीं रहेगा। 100 प्रतिशत पारदर्शिता के साथ कंपनी को काम करना होगा। समय-समय पर वित्तीय एवं प्रदर्शन आधारित सभी रिपोर्ट सार्वजनिक करने होंगे। बता दें आईपीओ के तहत बीसीसीएल में 10 फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश किया जा रहा है।
विनिवेश के कई फायदे हैं तो ट्रेड यूनियनों के नेताओं ने इसके नुकसान भी गिनाए। आईपीओ का मतलब है इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम), जिसमें कोई निजी कंपनी पहली बार अपने शेयर आम जनता को बेचकर सार्वजनिक कंपनी बनती है और स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध होती है, जिससे वह विस्तार के लिए पूंजी जुटाती है। विनिवेश में सरकार या कोई संस्था अपने मौजूदा शेयर जनता को बेचकर हिस्सेदारी कम करती है, जो अक्सर सरकारी कंपनियों के लिए होता है ताकि वित्तीय घाटा पूरा किया जा सके या कंपनी की दक्षता बढ़ाई जा सके। कोल इंडिया की पहली अनुषंगी कंपनी बीसीसीएल है, जो लिस्टिंग होने जा रही है। इसकी वजह बीसीसीएल के पास कोकिंग कोल का का भंडार होना है। कोकिंग कोल के कारण बीसीसीएल सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा बचत करने वाली कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी है। कंपनी का प्राथमिक उत्पाद कोकिंग कोल है और 1 अप्रैल 2024 तक इसके लगभग 7910 मिलियन टन का अनुमानित कोकिंग कोल भंडार है, जिससे यह भारत की सबसे बड़ी कोकिंग कोल भंडार धारक कंपनियों में से एक है। फायदे पूंजी जुटाना: जनता को शेयर बेचकर बड़ी मात्रा में पूंजी जुटाई जाती है, जिससे विकास के अवसर मिलते हैं। तरलता : शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर आसानी से खरीदे-बेचे जा सकते हैं, जिससे निवेशकों को तरलता मिलती है। बढ़ी हुई पारदर्शिता: लिस्टिंग के बाद कंपनियों को नियमित रूप से वित्तीय रिपोर्ट और जानकारी सार्वजनिक करनी होती है, जिससे पारदर्शिता बढ़ती है। सरकारी सहायता: सार्वजनिक कंपनियों को अक्सर सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ मिलता है। प्रतिष्ठा: सार्वजनिक होना कंपनी की साख और प्रतिष्ठा को बढ़ाता है। यानी ब्रांड वैल्यू बढ़ता है। चुनौतियां कठोर विनियमन और लागत: सेबी और अन्य नियामकों के सख्त नियमों का पालन करना पड़ता है। अधिक सार्वजनिक : कंपनी पर नियामकों और निवेशकों का लगातार दबाव और निगरानी रहती है। नियंत्रण में कमी: कंपनी के प्रबंधन पर शेयरधारकों का प्रभाव बढ़ जाता है, जिससे नियंत्रण कम हो सकता है। अल्पकालिक दबाव: शेयरधारकों को खुश करने और स्टॉक की कीमत बनाए रखने का अल्पकालिक दबाव, जो दीर्घकालिक फैसलों को प्रभावित कर सकता है। विलय का जोखिम: अधिग्रहण का खतरा बढ़ जाता है क्योंकि कोई भी कंपनी के शेयर खरीद सकता है। हालांकि अभी मात्र 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची जा रही है। एक नजर बीसीसीएल के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम पर - बीसीसीएल का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को खुलेगा; मूल्य बैंड 21–23 रुपए प्रति इक्विटी शेयर निर्धारित - बिड/ऑफ़र खुलने की तिथि: शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 और बिड/ऑफ़र बंद होने की तिथि: मंगलवार, 13 जनवरी 2026 - न्यूनतम बिड लॉट 600 इक्विटी शेयर (अंकित मूल्य ₹10 प्रत्येक) तथा उसके बाद 600 इक्विटी शेयरों के गुणकों में - कुल निर्गम आकार 465,700,000 इक्विटी शेयरों तक का है, जो कि कोल इंडिया लिमिटेड (प्रवर्तक विक्रय शेयरधारक) द्वारा प्रस्तुत 465,700,000 इक्विटी शेयरों तक के ऑफ़र फ़ॉर सेल से मिलकर बना है। - कंपनी वित्त वर्ष 2025 में उत्पादन के आधार पर भारत की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है, जिसकी घरेलू कोकिंग कोल उत्पादन में हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2025 में 58.50% रही - 30 सितंबर 2025 को समाप्त छह माह की अवधि में कंपनी का परिचालन से राजस्व 5,659.02 करोड़ तथा शुद्ध लाभ 123.88 करोड़ रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




