Dhanbad News: बीबीएमकेयू में लैब और लाइब्रेरी की उम्मीद बढ़ी
Dhanbad News: बीबीएमकेयू के मेन कैंपस के पीजी छात्र-छात्राएं और रिसर्च स्कॉलर पिछले तीन वर्षों से बिना लाइब्रेरी और लैब के पढ़ाई कर रहे हैं। प्रधान सचिव राहुल पुरवार के आगमन से छात्रों को उम्मीद है कि लैब और लाइब्रेरी की समस्याएं दूर होंगी। 77 करोड़ रुपए का बजट होने के बावजूद लाइब्रेरी में सामग्री की खरीद नहीं हो पाई है।

Dhanbad News: धनबाद, मुख्य संवाददाता। बिना लाइब्रेरी और लैब के बीते तीन वर्षों से बीबीएमकेयू के मेन कैंपस के पीजी छात्र-छात्राएं और रिसर्च स्कॉलर पढ़ाई कर रहे हैं। अब मंगलवार को बीबीएमकेयू कैंपस आ रहे उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार से उनकी उम्मीद बंधी है। छात्र-छात्राओं को उम्मीद है कि प्रधान सचिव लैब व लाइब्रेरी की बाधा दूर कर देंगे। प्रधान सचिव कुलपति, रजिस्ट्रार व अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 77 करोड़ रहने के बाद भी दो साल से लाइब्रेरी और क्लास रूम में बेंच-डेस्क व अन्य सामग्री की खरीदारी नहीं हो पाई है। यही स्थिति लाइब्रेरी की किताबों की है। 4.92 करोड़ रहने के बाद भी किताबें नहीं खरीदी जा सकी है। प्रधान सचिव के समक्ष मंगलवार को यह मुद्दा उठेगा। विवि के अधिकारी प्रगति रिपोर्ट रखेंगे। सोमवार को सभी विभागों की ओर से प्रगति रिपोर्ट तैयार किया गया। वहीं अंगीभूत कॉलेज के प्राचार्यों से भी समस्याओं समेत अन्य रिपोर्ट मांगी गई है। विवि को प्रधान सचिव के भ्रमण संबंधित संशोधित पत्र मिला है। अब प्रधान सचिव दोपहर 12 बजे या इसके बाद कैंपस पहुंचंगे।
फाइलों को मिल रही मंजूरी:
धड़ाधड़ फाइलों को मिल रही मंजूरी: बीते एक माह या उससे अधिक समय से जिन फाइलों की फेंकाफेकी हो रही थी। प्रधान सचिव के आने की सूचना के बाद फाइलों को निपटाने की गति बढ़ गई है। बीते दो दिनों में कई फाइल क्लियर हो गई। सबसे अधिक चर्चा 77 करोड़ रुपए से फर्नीचर समेत अन्य सामग्री की खरीदारी की है। विवि प्रबंधन ने एजेंसी को सैंपल रखने के लिए केंद्रीय पुस्तकालय के भूतल पर जगह देने की बात कही। वहीं किताबों की खरीदारी के लिए लाइब्रेरी कमेटी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एकेडमिक ब्लॉक में 12 वाटर प्यूरीफायर की मरम्मत के लिए कोटेशन संबंधित प्रस्ताव जारी कर दिया गया। 20 जुलाई तक कोटेशन मांगा गया है।
आज क्या है कार्यक्रम:
आज क्या है कार्यक्रम: मंगलवार को बोकारो के चंदनक्यारी में प्रोफेशनल कॉलेज के लिए जमीन देखने के बाद दोपहर 12 बजे तक बीआईटी सिंदरी में निदेशक समेत अन्य के साथ बैठक करेंगे। 12 बजे से 1:30 बजे तक सर्किट हाउस में डीसी के साथ बैठक व खाना। 1:30 बजे से 3 बजे तक बीबीएमकेयू कैंपस में वीसी व अन्य अधिकारियों संग बैठक व 3:30 बजे से 4:30 बजे तक प्राचार्यों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद 4:30 बजे देवघर के लिए रवाना होंगे। 15 जुलाई को देवघर मंदिर में पूजा के बाद एसकेएमयू दुमका में अधिकारियों संग बैठक करेंगे।


