
बीबीएमकेयू को स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स के लिए चाहिए 10 एकड़ जमीन
धनबाद के बीबीएमकेयू को अपने छात्रों के लिए एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की आवश्यकता है। इसके लिए 10 एकड़ जमीन के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय से पत्राचार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, बिजनेस मैनेजमेंट और मास कम्युनिकेशन कॉलेज के लिए 6.37 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता बीबीएमकेयू (बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय) धनबाद को अपने छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स चाहिए। स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय से 10 एकड़ जमीन के लिए पत्राचार किया जा रहा है। संभावना है कि आनेवाले समय में निदेशालय से जमीन के संबंध में जिला प्रशासन को आदेश जारी हो। वर्तमान बीबीएमकेयू मेन कैंपस में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के लिए पर्याप्त जमीन नहीं है। बताते चलें कि बीबीएमकेयू को पांच एकड़ जमीन पिछले दिनों विवि कैंपस के पीछे मिली है। सात एकड़ जमीन के लिए और प्रयास चल रहा है। उक्त जमीन के लिए जिला प्रशासन व गोविंदपुर अंचल कार्यालय से विश्वविद्यालय के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं।
वहीं पॉलीटेक्निक परिसर में बीबीएमकेयू को हस्तांतरित 10 एकड़ जमीन वापस लेकर वहां साइंस सेंटर बनाने की चर्चा चल रही है, लेकिन अब तक विश्वविद्यालय के पास उच्च शिक्षा निदेशालय से इस संबंध में कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय को राज्य मुख्यालय से स्पष्ट निर्देश का इंतजार है। -- बिजनेस मैनेजमेंट व मास कम्युनिकेशन कॉलेज धनबाद में आनेवाले वर्षों में बिजनेस मैनेजमेंट व मास कम्युनिकेशन कॉलेज खुलेगा। गोविंदपुर के दमकारा दमकारा बरवा मौजा में जिला प्रशासन ने 6.37 एकड़ जमीन चिह्नित की है। जमीन से संबंधित प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजा गया है। यह बीबीएमकेयू का 14वां अंगीभूत कॉलेज होगा। धनबाद व बोकारो में 13 अंगीभूत कॉलज पहले से है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पिछले दिनों चिह्नित जमीन को जाकर देखा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




