जेटेट परीक्षा जल्द कराने के लिए सिंदरी विधायक को सौंपा
झारखंड में बीएड छात्रों ने जेटेट परीक्षा शीघ्र कराने की मांग को लेकर विधायक चंद्रदेव से ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने बताया कि जेटेट की संशोधित नियमावली पिछले नौ वर्षों से लंबित है, जिसके कारण लाखों प्रशिक्षित अभ्यर्थी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे विधानसभा में मामला उठाएंगे।

झारखंड में जेटेट परीक्षा शीघ्र कराने की मांग को लेकर बीएड छात्रों ने सोमवार को सिंदरी विधायक चंद्रदेव से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने उन्हें बताया कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) की संशोधित नियमावली पिछले लगभग नौ वर्षों से लंबित है। इससे लाखों प्रशिक्षित अभ्यर्थी मानसिक, आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। छात्रों का कहना था कि राज्य गठन के 26 वर्षों में केवल 2013 और 2016 में ही परीक्षा की गई। वहीं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के निर्देशानुसार टीईटी वर्ष में कम-से-कम एक बार होना चाहिए। विधायक को यह भी बताया कि अगस्त 2024 में सरकार ने जेटेट के लिए आवेदन आमंत्रित किया था।
इसमें लगभग 3.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, लेकिन त्रुटिपूर्ण सिलेबस के विरोध के बाद अधिसूचना वापस ले ली गई। बाद में जिलावार भाषा के आधार पर नई नियमावली जारी की गई। इसके विरोध के चलते फिर रद्द कर दिया गया। इससे अभ्यर्थियों में असमंजस और निराशा बढ़ी है। छात्र नेता सिराज अंसारी ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन होगा। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे विधानसभा में मामला उठाकर परीक्षा जल्द कराने का प्रयास करेंगे। मौके पर अजय रविदास, उज्ज्वल गोप, धनेंद्र महतो समेत कई छात्र मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



