
आयुष्मान से मेडिकल कॉलेज और सदर ने कमाए एक करोड़
धनबाद जिले में आयुष्मान भारत योजना से सरकारी अस्पतालों को नवंबर में एक करोड़ रुपए की कमाई हुई है। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने 80 लाख और सदर अस्पताल ने 20 लाख रुपए कमाए हैं। यह राशि अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं के सुधार और मरीजों की सुविधा बढ़ाने में उपयोग की जाएगी।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता। सरकारी अस्पतालों के लिए आयुष्मान भारत योजना बड़ी राहत लेकर आई है। नवंबर माह में धनबाद जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से एक करोड़ रुपए की कमाई हुई है। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने लगभग 80 लाख रुपए कमाए हैं। वहीं सदर अस्पताल ने 20 लाख रुपए की कमाई की है। अस्पताल की चिकित्सीय व्यवस्था सुदृढ़ करने में पैसे का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में उपकरणों की मरम्मत, जरूरी सामग्री की खरीद, वार्डों की बेसिक सुविधाओं के अपग्रेड और मरीज सुविधा बढ़ाने जैसी छोटी-छोटी जरूरत को पूरा करने के लिए आयुष्मान से जमा पैसे का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

यह राशि आयुष्मान द्वारा निर्धारित विभिन्न बीमारियों के इलाज पर पैकेज के तहत अस्पताल को मिली है। इससे अस्पताल को अपनी बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने में अधिक सहायता मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पहले लंबी प्रक्रिया से गुजरनी पड़ती थी, जिसमें काफी समय लगता था। अब अस्पताल अपनी जरूरत के अनुसार आयुष्मान से पैसे का इस्तेमाल तत्काल कर सकेगा। इससे मरीजों को बेहतर सुविधा देने में आसानी होगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बीते कुछ महीनों में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ी है। इसका सीधा असर कमाई पर पड़ा है। विभाग का लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में और अधिक कार्डधारकों का इलाज कर अस्पतालों की आर्थिक स्थिति को और मजबूत किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




