ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादउपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए देवघर के शिक्षक अरविंद

उपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए देवघर के शिक्षक अरविंद

शिक्षक दिवस पर दिल्ली में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के हाथों सम्मानित हुए देवघर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अरविंद राज जजवाड़े। इन्हे यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में नेक कार्य के लिए दिया जा रहा...

उपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए देवघर के शिक्षक अरविंद
हिन्दुस्तान टीम,धनबादWed, 05 Sep 2018 01:08 PM
ऐप पर पढ़ें

शिक्षक दिवस पर दिल्ली में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के हाथों सम्मानित हुए देवघर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अरविंद राज जजवाड़े। इन्हे यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में नेक कार्य के लिए दिया जा रहा है।

पीएमओ में दिखी गोपालपुर विद्यालय की फिल्म

शिक्षक अरविंद राज जजवाड़े राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुने गये हैं। मंगलवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में उनके प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर पर एक मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखायी गयी।

पुरस्कार के आधार की पड़ताल करें तो आप पाएंगे कि इसके पीछे प्रधानाध्यापक अरविंद राज जजवाड़े का वह समर्पण है जो स्कूल को हर तरह से बदलने के लिए कार्य कर रहा था। वह उसी दिन से स्कूल के प्रति पूरी तरह समर्पित हो गये थे जब अक्टूबर 2009 में उनका पदस्थापन यहां हुआ। अपने शिक्षण कौशल से पहले स्कूल के बच्चों की पढ़ाई के स्तर को बेहतर किया। यही वजह है कि यहां आने वाले हर पदाधिकारी उनकी मुरीद होते गये। उनकी सबसे खास बात यह है कि उन्होंने प्रकृति को स्कूल का प्रयोगशाला बनाया। स्कूल के बच्चे के सीखने की चीजें आसपास से ही इजाद की। उनके प्रयोग को ही देखकर एक बार स्कूल चले अभियान के क्रम में गोपालपुर पहुंचे झारखंड सरकार के सचिव डॉ नीतिन मदन कुलकर्णी ने स्कूल को रेगिस्तान में ओस की बूंद कहा था। पूरे राज्य से इकलौते सरकारी प्राथमिक विद्यालय को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने से यह सिद्ध भी हो गया। स्वच्छता को लेकर भी गोपालपुर विद्यालय अव्वल है। एक सप्ताह पहले भारत सरकार ने देशभर के लाखों स्कूलों में जिन 52 स्कूलों को स्वच्छता में अव्वल चुना उसमें गोपालपुर का नाम 23वें स्थान पर है। पूरे राज्य में गैर आवासीय सरकारी प्राथमिक स्कूल में यह पहले स्थान पर है। स्वच्छता में जो पुरस्कार मिले हैं उसमें स्कूल के शौचालय की बड़ी भूमिका है। मार्बल व टाइल्स और हाथ धुलाई की व्यवस्था देखकर ही उनके शौचालय को झारखंड सरकार ने अपनी पत्रिका का कवर बनाया और दो महीने पहले स्वच्छता में एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया। हालांकि अभी जिस रूप में यह विद्यालय है इसके लिए उन्होंने लगातार छह महीने तक समर्पित होकर काम किया। स्कूल के सौंदर्यीकरण के लिए न केवल डीएसई और पेयजल व स्वच्छता प्रमंडल के जेई, एई व कार्यपालक अभियंता से मिले बल्कि डीडीसी सुशंात गौरव व डीसी राहुल कुमार सिन्हा के पास कई बार दस्तक दी। स्कूल कार्य को लेकर वरीय अधिकारियों से लगातार मिले और इस प्रकार प्रस्तुति दी कि डीसी व डीडीसी ने डीएमएफटी फंड से स्कूल को छह लाख रुपए दे दिया।

पिताजी हैं सेवानिवृत्त शिक्षक :

राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक अरविंद राज जजवाड़े की पूरी पढ़ाई सरकारी स्कूलों व कॉलेजों में हुई है। शिक्षक पुत्र अरविंद की प्राथमिक शिक्षा मध्य विद्यालय झौंसागढ़ी से पूरी हुई है। इसके बाद

मैट्रिक वर्ष 1997 में आर मित्रा प्लस टू विद्यालय से पास किया। इंटर की पढ़ाई एएस कॉलेज से और स्नातक देवघर कॉलेज से पूरा किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें