अत्याधुनिक सी-आर्म मशीन से जटिल फ्रैक्चर का हुआ सफल ऑपरेशन
सदर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 43 वर्षीय दिनेश कुमार महतो के जटिल हड्डी फ्रैक्चर का सफल ऑपरेशन किया। वह एक कुत्ते के टकराने से घायल हुए थे। ऑपरेशन मिनिमली इनवेसिव तकनीक से किया गया, जिसमें कम चीरा लगाकर सर्जरी की गई। मरीज की स्थिति स्थिर है और ऑपरेशन निःशुल्क किया गया है।

सदर अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने एक बार फिर हड्डी के जटिल फ्रैक्चर का सफल ऑपरेशन कर अपनी दक्षता साबित की है। मुकुंदा निवासी 43 वर्षीय दिनेश कुमार महतो दोपहिया वाहन चलाते समय अचानक एक कुत्ता पहिये के नीचे आ जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। मंगलवार को अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने जांच की। इसमें जटिल फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। फ्रैक्चर की स्थिति को देखते हुए और ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध अत्याधुनिक सी-आर्म मशीन की मदद से सर्जरी की योजना बनाई गई। डॉक्टरों ने मिनिमली इनवेसिव प्लेटिंग तकनीक अपनाने का निर्णय लिया।
इससे कम चीरा लगाकर सटीक ऑपरेशन संभव हो सका। यह जटिल सर्जरी ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ मुकेश प्रसाद और सर्जन डॉ आनंद कुमार के नेतृत्व में किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज का ऑपरेशन निःशुल्क किया गया है। उसकी स्थिति स्थिर है। उसे सभी आवश्यक देखभाल और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


