ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादढुलू समर्थक धमेंद्र को मारने गया था अभिनव

ढुलू समर्थक धमेंद्र को मारने गया था अभिनव

लखनऊ के मटियारी चौराहा चिनहट से गिरफ्तार अमन सिंह का करीबी अभिनव प्रताप सिंह को उसकी गिरफ्तारी के लिए पहुंचने वाली पुलिस टीम की सूचना पहले ही मिल गई...

ढुलू समर्थक धमेंद्र को मारने गया था अभिनव
हिन्दुस्तान टीम,धनबादSat, 13 Feb 2021 04:12 AM
ऐप पर पढ़ें

धनबाद कार्यालय संवाददाता

लखनऊ के मटियारी चौराहा चिनहट से गिरफ्तार अमन सिंह का करीबी अभिनव प्रताप सिंह को उसकी गिरफ्तारी के लिए पहुंचने वाली पुलिस टीम की सूचना पहले ही मिल गई थी। धनबाद जेल में बंद नीरज सिंह हत्याकांड का आरोपी धर्मेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू ने अभिनव को फोन कर इसकी जानकारी दे दी थी कि उसकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड से एक टीम रवाना हो चुकी है। शुक्रवार को पुलिस की पूछताछ में अभिनव ने इस बात का खुलासा किया। अभिनव के खिलाफ 30 जनवरी को बैंक मोड़ थाना में पदस्थापित पीएसआई इंद्रजीत राणा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें कोयला व्यवसायी से रंगदारी मांगने का जिक्र किया गया था। इसके अलावा अभिनव पर ढुलू महतो के समर्थक के घर पर फायरिंग और बमबाजी का भी आरोप है। शुक्रवार को बैंक और पुलिस द्वारा उसे अदालत के समक्ष पेश किया गया। हालांकि बाघमारा में फायरिंग और बमबाजी के मामले में उसकी पेशी नहीं की गई।

पुलिस की पूछताछ में अभिनव ने कई अहम खुलासे किए। उसने पुलिस को बताया कि वह राजेश गुप्ता को नहीं, बल्कि विधायक ढुलू महतो के एक अन्य समर्थक धर्मेंद्र गुप्ता की हत्या करने के लिए बाघमारा गया था। हत्या के बाद बाघमारा की भौगोलिक स्थिति की उसे जानकारी नहीं होने के कारण वह गोली नहीं चला सका। बताया कि उसने धर्मेंद्र के घर से लेकर के एक दुकान, जहां पर वह बैठता है, तक उसकी रेकी की थी। हालांकि रेकी की भनक भी धर्मेंद्र को लग गई थी। वह घर से बुलेट से निकलता था और रास्ते में स्कॉर्पियो में सवार हो जाता था। वह हमेशा सुरक्षा घेरे में रहता था। इस वजह से भी उसे मारने में परेशानी हुई।

अभिनव और अमन को आमने-सामने पूछताछ

अभिनव प्रताप सिंह उर्फ उर्फ बडू और अमन सिंह को गोविंदपुर थाना में आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। अमन सिंह पर धनबाद जेल में रहते हुए संगठित अंतरराज्यीय गिरोह बना कर व्यवसायियों से रंगदारी मांगने तथा जिले में आतंक पैदा करने का आरोप है। अभिनव सिंह को बैंक मोड़ पुलिस शुक्रवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अर्जुन साव की अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत के आदेश पर अभिनव प्रताप सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अमन सिंह पर यह भी आरोप है कि वह अपने विश्वासी उत्तर प्रदेश के गुर्गे अभिनव प्रताप सिंह के साथ मिलकर गिरोह का संचालन किया करता है। अमन सिंह उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर का रहने वाला है तथा पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या के आरोप में जेल में बंद है। धनबाद जेल के अंदर संगठित गिरोह बनाने तथा आतंक फैलाने के मामले उजागर होने पर विधि व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस अमन सिंह को रांची स्थित होटवार जेल अदालत के आदेश पर भेज दिया था।

फर्जी दस्तावेज देकर खरीदे थे सिम

पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले फोन नंबरों की जांच की तो पता चला कि तेतुलमारी के टीआर इंटरप्राइजेज द्वारा तीन लोगों के नाम से सिम कार्ड जारी किए गए थे। इसमें रौशन, रोहित और एक युवती के नाम सामने आया। सभी सिम कार्ड फर्जी दस्तावेज देकर लिए गए थे। फिर इन्ही नंबरों से व्यापारियों से रंगदारी मांगी गई थी। बाद में पुलिस इन्हीं नंबरों से लोकेशन का पीछा करते हुए अभिनव तक पहुंची।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें