
टाटा सिजुआ, तेतुलमुड़ी व तेतुलमारी शक्ति चौक में शहीद शक्तिनाथ का 48 वां शहादत दिवस मनाया गया
टाटा सिजुआ में शहीद शक्तिनाथ महतो का 48वां शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उनकी पत्नी और पुत्री ने पूजा की, नई प्रतिमा का अनावरण हुआ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने शहीद के सपनों की पूर्ति की बात कही। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए।
सिजुआ, प्रतिनिधि। टाटा सिजुआ 12 नंबर, तेतुलमुड़ी बस्ती और तेतुलमारी शक्ति चौक में शुक्रवार को शहीद शक्तिनाथ महतो का 48 वां शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद शक्ति की प्रतिमा के गंगाजल और दूध से अभिषेक के साथ हुई। उनकी पत्नी सुची देवी और पुत्री अंजना देवी ने पूरी श्रद्धा से पूजा-अर्चना की। तेतुलमारी शक्ति चौक पर नई प्रतिमा का अनावरण भी किया गया, जो मार्बल पत्थर से बनी करीब दस क्विंटल वजनी है। सर्वधर्म प्रार्थना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच शहीद के पुत्र मनोज महतो ने लाल-हरा मैत्री झंडा फहराया। स्कूली बच्चों ने शहीदी गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
टाटा सिजुआ में सप्ताहव्यापी मेले का उद्घाटन भी किया गया, जबकि रात में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। शक्ति चौक पर गायक नासिर और उनके साथियों ने देशभक्ति गीतों से लोगों को भावविभोर किया। पूर्व पार्षद व शहीद के भतीजे धर्मेंद्र महतो के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने शहीद के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। तेतुलमारी शक्ति चौक पर आयोजित सभा की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन ने की तथा संचालन डॉ अरुण कुमार महतो ने किया। सभा को संबोधित करते हुए टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि शक्तिनाथ महतो गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्षरत रहे। बेरोजगारों को रोजगार दिलाने की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने शहादत दी। उन्होंने कहा कि आज भी शहीद की आवाज जन-जन की आवाज बनी हुई है। विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है, लेकिन कोल इंडिया राज्य के लोगों की जमीन लेकर उचित मुआवजा नहीं दे रही है। सोनपुर मेले में स्टॉल लगाने को लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई और कहा कि मुख्यमंत्री को इस विषय में अवगत कराया जाएगा। कहा कि शहीद शक्ति के सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। केन्द्रीय सदस्य डॉ नीलम मिश्रा ने कहा कि माफिया तत्वों ने शहीद शक्तिनाथ महतो की हत्या कर उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सकें। मौके पर जिप अध्यक्ष शारदा सिंह, पूर्व विधायक लम्बोदर महतो, प्रखंड प्रमुख गीता देवी, झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, डॉ नीलम मिश्रा, मन्नू आलम, शिवप्रसाद महतो, मुकेश सिंह, धीरेन रवानी, महादेव हांसदा, अमरनाथ चौधरी, मुखिया राजेन्द्र प्रसाद महतो व निरंजन गोप, पूर्व पार्षद धर्मेंद्र महतो व बिरजू बाउरी, सुरेश महतो, मनोज महतो, दयानंद महतो, पूर्व मुखिया संतोष महतो, हरिप्रसाद पप्पू, दुलालचंद बाउरी, बिरजू सोरेन, बिकास महतो, जलाल अंसारी, बसंत महतो, दिनेश महतो, घंटु त्रिगुणायत, पूर्व जिप सदस्य पवन महतो, कंचन महतो, नीलकंठ रवानी, राजेन्द्र प्रसाद राजा, संजय सिंह, नीलकंठ नारायण महतो, किशोर मुर्मू, दयाल महतो आदि थे। कला-संस्कृति के रंगों में रंगा कार्यक्रम : शहादत दिवस पर पहली बार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शक्ति कॉलेज और स्कूल की छात्राओं ने कुड़माली, नागपुरी, झूमर और खोरठा गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। शहीद की पत्नी सूची देवी को कुड़मी उत्थान समाज के अमरनाथ चौधरी ने शॉल और मेमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही संविधान दिवस पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




